असम सीएम हिमंत विश्व शर्मा ने जलुकबाड़ी से दाखिल किया नामांकन 

जनप्रवाद ब्यूरो, टीम। असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रत्याशी के तौर पर शुक्रवार को जलुकबाड़ी विधानसभा क्षेत्र से नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन के दौरान उनके साथ उनकी पत्नी रिनिकी भुयान शर्मा, बेटा नंदिल विश्व शर्मा और गुवाहाटी से भाजपा की सांसद बिजुली कालिता मेधी मौजूद थीं। नामांकन पत्र दाखिल करने से पहले मुख्यमंत्री ने एक वाहन पर सवार होकर खानापारा क्षेत्र के वेटरिनरी फील्ड से लगभग 5.6 किलोमीटर दूर कामरूप (महानगर) जिला निर्वाचन कार्यालय तक रैली निकाली जहां उन्होंने अपना नामांकन दाखिल किया। नामांकन दाखिल करने से पहले मुख्यमंत्री ने अपनी मां मृणालिनी देवी का आशीर्वाद लिया। 
सोशल मीडिया पर साझा की जानकारी


उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा, ह्लशुभ काम की शुरूआत हमेशा मां के आशीर्वाद से होनी चाहिए। इन दिनों मैं उनके साथ अधिक समय नहीं बिता पाता, लेकिन उनका आशीर्वाद मुझे आई असोमी (मां असम) की सेवा जारी रखने की शक्ति देता है। रातभर और तड़के हुई भारी बारिश के बावजूद सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग वेटरनरी फील्ड में इकट्ठा हो गए थे। इससे पहले एक अन्य पोस्ट में शर्मा ने कहा, मैं असम में चुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल करते समय खानापारा वेटरिनरी फील्ड से कामरूप (एम) में डीसी कार्यालय तक रैली में शामिल होने के लिए सभी को आमंत्रित करता हूं। आपका आशीर्वाद मेरी इस यात्रा को ऊर्जा देगा और मुझे असम की जनता द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारी को पूरा करने के लिए प्रेरित करेगा। शर्मा गुवाहाटी लोकसभा क्षेत्र के तहत आने वाले जलुकबाड़ी का 2001 से प्रतिनिधित्व कर रहे हैं और आगामी चुनाव में वह लगातार छठी बार इस सीट को बरकरार रखने की कोशिश करेंगे। उन्होंने पहली बार 1996 में इस सीट से चुनाव लड़ा था जिसमें वह असम गण परिषद (एजीपी) के नेता भृगु कुमार फुकन से 17,000 मतों से हार गए थे लेकिन 2001 में उन्होंने 10,000 मतों के अंतर से जीत दर्ज कर उनसे यह सीट छीन ली थी। नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 23 मार्च है। नामांकन पत्रों की जांच अगले दिन की जाएगी, जबकि नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 26 मार्च निर्धारित है। असम की 126 सदस्यीय विधानसभा के लिए मतदान नौ अप्रैल को होगा और मतगणना चार मई को की जाएगी।