जन प्रवाद, ब्यूरो।
नोएडा। होली जैसे त्योहार को अपने गांव जाकर मनाने की सभी की इच्छा होती है। गांव में होली मनाने का अंदाज कुछ अलग ही होता है। ऐसे में यात्रियों की अचानक भीड़Þ हो जाती है और संशाधन थोड़े कम पड़ जाते हैं। यही नहीं चालक और परिचालक भी लगातार वाहनों का संचालन करते हैं। ऐसे में दुर्घटनाएं होना भी स्वाभाविक हो जाता है। इसी क्रम में होली मनाने के लिए दिल्ली से गोरखपुर जा रही डबल डेकर बस ने कई परिवारों को गमगीन कर दिया। यमुना एक्सप्रेसवे पर मंगलवार तड़के डबल डेकर बस जैसे ही सादाबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव गढ़ी हरिया के पास पहुंची तभी आगे जा रही ईको कार में जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में ईको सवार छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

मृतकों में राजस्थान के धौलपुर निवासी एक दंपती और आगरा के बाह निवासी एक दंपती भी शामिल है। हादसा तड़के 4 बजे हुआ। इस बाबत अपर पुलिस अधीक्षक रामानंद कुशवाह ने जानकारी दी। बताया जा रहा है कि बस नई दिल्ली से सवारी लेकर गोरखपुर जा रही थी। जैसे ही बस सादाबाद क्षेत्र के टीटी हरिया गांव के पास पहुंची, तभी चालक से बस अनियंत्रित हो गई। तेज रफ्तार होने के कारण आगे जा रही कार में बस ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि इको कार चकनाचूर हो गई। एक्सप्रेसवे की एक लेन पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।
सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक रामानंद कुशवाह, एसडीएम मनीष चौधरी और तहसीलदार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू आॅपरेशन शुरू किया। इस दुर्घटना में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल एंबुलेंस से पास ही नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।

बता दें कि ईको कार में सवार सभी लोग दिल्ली से धौलपुर जिले के राजाखेड़ा जा रहे थे। पुलिस ने कार में फंसे शवों और घायलों को बाहर निकाला। हादसे में आगरा के तीन और धौलपुर के राजाखेड़ा के तीन लोगों की मौत हो गई। सभी लोग दिल्ली से धौलपुर जा रहे थे और कार में अलग-अलग स्थानों पर बैठे थे। घायल बच्चों को इलाज के लिए एसएन मेडिकल कॉलेज आगरा रेफर किया गया है। पुलिस ने खंदौली पुलिस चौकी पर टीम तैनात कर दी है।
पुलिस ने मृतकों के शवों की शिनाख्त कर ली है। मृतकों में दिनेश पुत्र भगवान सिंह, निवासी गंगोली, राजस्थान, सुनीता पत्नी दिनेश निवासी गांगोली थाना राजस्थान, लोकेश पुत्र भूरे सिंह निवासी धौलपुर, विजय बघेल पुत्र सुखराम निवासी चौरंगाबाद, आगरा, पिंकी बघेल पत्नी विजय बघेल निवासी आगरा एवं लक्ष्मी देवी पत्नी अमर सिंह, निवासी आगरा शामिल हैं।
पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। एसएसपी ने बताया कि बस चालक की तलाश की जा रही है और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर मार्ग सुचारू कर दिया गया है।





