जन प्रवाद, ब्यूरो।
ग्रेटर नोएडा। थाना इकोटेक-3 पुलिस ने हत्या के अभियोग में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी सहित दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त आलाकत्ल एवं एक मोटरसाइकिल बरामद की है। जानकारी के अनुसार 31 मई को थाना इकोटेक-3 पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस व इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की सहायता से उक्त घटना के मुख्य आरोपी अभियुक्त प्रीत नागर पुत्र कल्लू उर्फ कालू व उसके सहयोगी अभियुक्त दीपक उर्फ क्रिश नागर पुत्र जगत नागर को खैरपुर गोल चक्कर के पास सर्विस रोड से गिरफ्तार किया गया है। अभियुक्त प्रीत नागर के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, दीपक उर्फ क्रिश नागर के कब्जे से एक तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस व उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।

बता दें कि थाना इकोटेक-3 क्षेत्रा के अंतर्गत ग्राम वेदपुरा में मृतक दीपक नागर की गोली मारकर हुई हत्या कर दी गई थी। इस मामले में थाना इकोटेक-3 पर अभियोग पंजीकृत किया गया था। थाना इकोटेक-3 पुलिस द्वारा उक्त घटना में छह अभियुक्तों को पूर्व में गिरफ्तार कर जेल भेजा गया जा चुका है। हत्या का मुख्य आरोपी प्रीत नागर अपने सहयोगियों के साथ घटना कारित करने के बाद से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया है। पूछताछ के दौरान प्रीत नागर द्वारा बताया गया कि वर्ष 2011 में उसके पिता स्व. कालू की हत्या हुई थी, जिसमें मृतक दीपक नागर के पिता बरी हो गए थे। उसने बदले की भावना से अपने साथियों के साथ मिलकर दीपक नागर की हत्या की घटना को अंजाम दिया।






