जन प्रवाद, ब्यूरो। ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा के जेवर थाना क्षेत्र के अंतर्गत 15 साल के नाबालिग की हत्या मामले में पुलिस ने तीन अभियुक्तों को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। यही नहीं उनके घरों पर भी बुल्डोजर की कार्रवाई की गई। पुलिस ने दो घायल सहित तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से तमंचा, कारतूस व मोटरसाइकिल बरामद की गई है। 
अपर पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था डॉ. राजीव नारायण मिश्र ने बताया कि 21 मई को 15 वर्षीय नाबालिग घर से लापता हुआ था, जिसके बाद परिजनों ने थाना जेवर में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। जांच के दौरान 22 मई की रात को रोही गांव के एक खाली मकान से किशोर का शव बरामद हुआ था। इस मामले में पुलिस की कई टीमें लगातार मामले के खुलासे का प्रयास कर रही थी। कड़ी से कड़ी कार्रवाई के लिए पुलिस पर भारी दबाव भी था। अंतत: पुलिस की मेहनत रंग लाई और जेवर पुलिस ने मामले का पर्दाफाश कर दिया। डॉ. राजीव नारायण मिश्र ने बताया कि साबोता अंडरपास के नीचे चेकिंग के दौरान बाइक सवार तीन संदिग्धों को पुलिस ने रोकने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी, जबकि तीसरे आरोपी को कॉम्बिंग के बाद गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नरेश, उमेश कुमार और मोहित के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से दो अवैध तमंचे, जिंदा कारतूस और बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर बाइक बरामद की है।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि मृतक की दादी ने कुछ समय पहले उन्हें हुक्का पिलाने को लेकर डांटा था। इसी बात की रंजिश में आरोपियों ने नाबालिग को हुक्के में ज्यादा तंबाकू पिलाकर खाली मकान में ले जाकर दीवार पर सिर मार दिया और उसकी मौत होने तक वहीं बैठे रहे। इसके बाद शव को वहां से छोड़कर मौके से फरार हो गए। उन्होंने बताया कि मृतक बालक का पोस्टमार्टम चिकित्सकगण के पैनल द्वारा कराया। सम्पूर्ण पोस्टमार्टम प्रक्रिया की वीडियोग्राफी करायी गयी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतक बालक के सभी अंग मौजूद थे। मृत्यु का कारण स्थिर करने के लिए विसरा रासायनिक परीक्षण हेतु प्रयोगशाला भेजा गया है। अन्य अग्रिम आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।
नाबालिग हत्याकांड में बड़ा खुलासा, मामूली कहासुनी में ली थी बच्चे की जान
28-May-2026





