जन प्रवाद, ब्यूरो।
नोएडा। भारत में अभी मानसून सभी जगह पर दस्तक भी नहीं दे पाया था कि मौसम विभाग ने सावधान करने वाली एक चेतावनी जारी कर दी है। आईएमडी का कहना है कि अगले 24 से 48 घंटे बेहद संवेदनशील होने वाले हैं। रिपोर्ट के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून की उत्तरी सीमा मजबूती से आगे बढ़ रही है और अगले 2 से 3 दिनों में इसके अरब सागर, लक्षद्वीप और बंगाल की खाड़ी के मध्य और उत्तर-पूर्वी हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां पूरी तरह से अनुकूल हैं। इसके साथ ही मौसम विभाग ने उत्तर पश्चिम भारत में भयंकर चक्रवाती आंधी, ओलावृष्टि और भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। इसकी वजह से आने वाले कुछ दिनों तक लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिल जाएगी। ऐसा इसलिए होगा क्योंकि अधिकतम तापमान में छह से आठ डिग्री सेल्सियस की भारी गिरावट देखी जाएगी।

मौसम विभाग की मानें तो उत्तर प्रदेश के लिए अलर्ट जारी करते हुए कहा कि राज्य के लिए आज का दिन काफी संवेदनशील होने जा रहा है। पश्चिमी यूपी में 80 से 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से विनाशकारी तूफान की प्रबल संभावना है। इस दौरान ओलावृष्टि और भारी बारिश की आशंका है। पूर्वी उत्तर प्रदेश की बआत करें तो आज यहां 70 से 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज तूफान और ओले गिरने की आशंका है। 30 मई को भी पूरे यूपी में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की हवाएं चलेंगी। 31 मई को पूर्वी यूपी में भारी बारिश का अनुमान है। आईएमडी के अनुसार आज दिल्ली, चंडीगढ़ और हरियाणा में 70 से 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तूफान आएगा। साथ ही ओले गिरने के साथ ही बारिश का भी अलर्ट है। 30 मई को भी तेज हवाओं के साथ बारिश होगी।





