मां-बेटी को बोनट पर डाल कर दो किमी तक दौड़ाई कार, दो गिरफ्तार

मथुरा (उप्र), एजेंसी। उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में पुराने मुकदमे में खर्च हुई रकम के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में दो युवकों ने कथित तौर पर एक महिला और उसकी बेटी को कार के बोनट पर गिरने के बावजूद वाहन नहीं रोका और उन्हें करीब दो किलोमीटर तक उसी हालत में ले गए। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस अधीक्षक (नगर) राजीव कुमार सिंह ने बृहस्पतिवार को बताया कि घटना सोमवार रात जमुनापार थाना क्षेत्र के पानीगांव में वृंदावन परिक्रमा मार्ग पर हुई। उन्होंने बताया कि प्रेम और पुनीत नाम के दो युवक अपने एक अन्य साथी के साथ पवन के घर पुराने मुकदमे में संयुक्त रूप से खर्च हुई रकम का तकादा करने पहुंचे थे। रुपये नहीं मिलने पर वे घर में मौजूद लोगों के साथ कथित तौर पर गाली-गलौज और मारपीट करने लगे। सिंह के मुताबिक, शोर सुनकर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।

इसके बाद तीनों युवक कार में बैठकर भागने लगे। उन्हें रोकने के लिए पवन की मां शीला देवी और उसकी बहन कार के सामने खड़ी हो गईं। आरोप है कि युवकों ने कार रोकने के बजाय उसकी रफ्तार बढ़ा दी और दोनों महिलाओं को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से शीला देवी और उनकी बेटी कार के बोनट पर गिर गईं लेकिन चालक ने वाहन नहीं रोका और करीब दो किलोमीटर तक कार दौड़ाता रहा। बाद में आरोपी मां-बेटी को मांट रोड स्थित एक पेट्रोल पंप के पास छोड़कर फरार हो गए। घटना में घायल मां-बेटी ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस बीच, आरोपियों द्वारा महिलाओं को कार के बोनट पर लेकर भागने की घटना का ग्रामीणों ने वीडियो बनाया और इसके सोशल मीडिया पर आने के बाद पुलिस ने प्रेम तथा पुनीत को गिरफ्तार कर लिया। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि दोनों युवक शराब के नशे में थे और रुपये मांगने के दौरान गाली-गलौज कर रहे थे। उन्हें समझाने का प्रयास किया गया तो वे मारपीट पर उतर आए। ग्रामीणों के एकत्र होने पर वे कार से भागने लगे। जिस मुकदमे में खर्च हुई रकम का तकादा किया जा रहा था, वह मामला अदालत में विचाराधीन है। पुलिस क्षेत्राधिकारी (सदर) वरुण मिश्रा ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच एक मुकदमे में खर्च हुई रकम को लेकर विवाद था। एक पक्ष दूसरे के घर पैसे मांगने पहुंचा था। पीड़ित की शिकायत पर पहले गाली-गलौज और मारपीट का मुकदमा दर्ज किया गया था। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान सामने आए तथ्यों और वीडियो फुटेज में मिले साक्ष्यों के आधार पर मामले में हत्या के प्रयास की धारा भी जोड़ दी गई है। मिश्रा ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।