दिल्ली में 15 दिनों में कृत्रिम वर्षा के दो परीक्षण; दिवाली और छठ के बाद और परीक्षणों की योजना

नयी दिल्ली, एजेंसी। दिल्ली सरकार ने राष्ट्रीय राजधानी में बढ़ते वायु प्रदूषण से निपटने के संभावित उपाय के रूप में कृत्रिम बारिश कराने की संभावना तलाशने के लिए पिछले 15 दिनों में इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास ‘क्लाउड सीडिंग’ (कृत्रिम वर्षा कराने की प्रक्रिया) के दो दौर के परीक्षण किए हैं। सरकारी सूत्रों ने यह जानकारी दी। सूत्रों के अनुसार, ये परीक्षण करीब 30,000 मीटर की ऊंचाई पर किए गए, जो पिछले साल दिल्ली में कृत्रिम वर्षा के लिए अपनाई गई करीब 10,000 मीटर की ऊंचाई से काफी अधिक है। सूत्रों ने बताया कि दिवाली और छठ के बाद परीक्षण के और दौर किए जाने की संभावना है।

‘क्लाउड सीडिंग’ मौसम में कृत्रिम बदलाव करने की एक तकनीक है, जिसका उद्देश्य बादलों की बारिश करने की क्षमता बढ़ाना है। इस प्रक्रिया में सिल्वर आयोडाइड और सोडियम क्लोराइड जैसे पदार्थों को ऐसे बादलों में छोड़ा जाता है, जिनसे बारिश होने की संभावना हो। ये पदार्थ बादलों में पानी की बूंदों या बर्फ के छोटे-छोटे क्रिस्टल बनने में मदद करते हैं, जिससे बारिश कराने में सहायता मिलती है। दिल्ली सरकार ने पिछले साल भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी), कानपुर के सहयोग से पहली बार क्लाउड सीडिंग परियोजना शुरू की थी। इसका उद्देश्य सर्दियों में प्रदूषण के चरम स्तर पर पहुंचने के दौरान उससे निपटने के संभावित उपायों को आपातकालीन आधार पर तलाशना था। दिल्ली के पर्यावरण विभाग और आईआईटी कानपुर के बीच 25 सितंबर, 2025 को एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए जाने के बाद यह सहयोग औपचारिक रूप से शुरू हुआ था। पिछले साल अक्टूबर में परीक्षण के दो दौर किए गए थे। प्रत्येक परीक्षण के दौरान सिल्वर आयोडाइड और सोडियम क्लोराइड वाले आठ रासायनिक फ्लेयर्स (रसायन फैलाने वाले उपकरण) छोड़े गए थे। हालांकि, इन प्रयोगों से बारिश नहीं हुई थी। इसके बाद दिल्ली सरकार ने एक रिपोर्ट जारी की थी, जिसमें दावा किया गया था कि बारिश नहीं होने के बावजूद इन परीक्षणों से लक्षित स्थानों पर हवा में मौजूद कणीय पदार्थों (पार्टिकुलेट मैटर) का स्तर कम करने में मदद मिली थी।