लखनऊ, एजेंसी। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के सआदतगंज इलाके में सोमवार को खाली जमीन पर कार खड़ी करने को लेकर विवाद के दौरान गोलीबारी होने से तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि यह घटना पूर्वाह्न करीब साढ़े 10 बजे नौबस्ता के ब्राह्मणी टोला इलाके में हुई, जहां खाली जमीन पर कार खड़ी करने को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक विवाद में बदल गई। पुलिस के एक बयान के अनुसार, विवाद के दौरान आरोपी ऋषभ शुक्ला (30) ने कथित तौर पर अवैध पिस्टल से शिवाजी तिवारी (62), शिवेंद्र तिवारी (55) और सुयश तिवारी (30) को गोली मार दी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को एम्बुलेंस तथा पुलिस वाहनों की मदद से किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू) के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटनास्थल की घेराबंदी कर आरोपी को मौके पर ही हिरासत में ले लिया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी के पास से कथित तौर पर वारदात में इस्तेमाल की गई पिस्तौल और चार खाली कारतूस बरामद किए गए हैं। मृतकों के पक्ष से मिली शिकायत के आधार पर मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। सूत्रों ने बताया कि घटना के बाद इलाके में स्थिति नियंत्रण में है। उन्होंने बताया कि गोलीबारी के कारणों और विवाद से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
लखनऊ में कार पार्किंग के विवाद में गोलीबारी, तीन लोगों की मौत
26-Oct-2026





