यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो की तैयारियां तेज, व्यापक प्रचार-प्रसार के दिए निर्देश

जन प्रवाद, ब्यूरो।
ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 के चतुर्थ संस्करण को सफल, भव्य एवं अधिक प्रभावशाली बनाने की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो मार्ट एंड सेंटर में प्रमुख सचिव एमएसएमई एवं निर्यात प्रोत्साहन विभाग उत्तर प्रदेश सरकार शशि भूषण लाल सुशील पहुंचे। उन्होंने तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। 


इस दौरान आयोजन से जुड़े विभिन्न विभागों द्वारा अब तक की गई तैयारियों की जानकारी दी गई। बैठक में आयोजन को सफल बनाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा की गई। इस अवसर पर प्रमुख सचिव ने कहा कि आयोजन से संबंधित सभी तैयारियों को युद्ध स्तर पर पूर्ण किया जाए। इसको समयबद्ध तरीके से अंतिम रूप प्रदान किया जाए। जिससे कि देश-विदेश से आने वाले उद्यमियों, निवेशकों, खरीदारों, प्रतिनिधियों एवं आगंतुकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।


उन्होंने कहा कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो उत्तर प्रदेश की औद्योगिक, व्यापारिक, सांस्कृतिक एवं हस्तशिल्प क्षमता को देश और दुनिया के सामने प्रस्तुत करने वाला महत्वपूर्ण मंच है। इसके माध्यम से प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों, ओडीओपी उत्पादों, हस्तशिल्प, हथकरघा, कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण, सेवा क्षेत्र तथा विभिन्न औद्योगिक उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण सहायता मिल रही है। आयोजन स्थल पर आवागमन, यातायात प्रबंधन, पार्किंग सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, अग्निशमन, चिकित्सा सुविधा, साइनेज, सूचना व्यवस्था तथा आगंतुकों के लिए आवश्यक अन्य सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।


प्रमुख सचिव ने ट्रेड शो के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आयोजन की जानकारी अधिक से अधिक उद्यमियों, व्यापारियों, खरीदारों, निवेशकों, निर्यातकों, शिक्षण संस्थानों तथा आमजन तक पहुंचाई जाए। इसके लिए डिजिटल मीडिया, सोशल मीडिया, प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया तथा अन्य प्रचार माध्यमों का प्रभावी उपयोग किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश के साथ-साथ देश के अन्य राज्यों और विदेशों से आने वाले संभावित खरीदारों एवं निवेशकों को आयोजन से जोड़ने के लिए लक्षित प्रचार अभियान चलाया जाए। आसपास के जनपदों के औद्योगिक संगठनों, व्यापारिक संस्थाओं, आरडब्ल्यूए, शैक्षणिक संस्थानों तथा अन्य संबंधित संस्थाओं को भी आयोजन से जोड़े जाने की दिशा में प्रभावी कार्यवाही की जाए।
उन्होंने आयोजन स्थल का निरीक्षण किया। इस अवसर पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। आयोजन में आने वाले देश-विदेश के प्रतिनिधियों एवं आगंतुकों को प्रदेश की औद्योगिक एवं सांस्कृतिक समृद्धि का बेहतर अनुभव मिले, इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां उच्च स्तर की रखने पर जोर दिया गया।अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी ग्रेटर नोएडा प्रेरणा सिंह, अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी नोएडा वंदना त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी प्रशासन मंगलेश दुबे, सिटी मजिस्ट्रेट अरविंद कुमार मिश्र, उपायुक्त उद्योग पंकज निर्वाण, सीओ इंडिया एक्स्पो मार्ट लिमिटेड एवं संबंधित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।