मेरा जीवन, मेरा संघर्ष पुस्तक का विमोचन, पूर्व राष्ट्रपति कोविंद के कार्यक्रम में पहुंचे सीएम योगी

जन प्रवाद, ब्यूरो।
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को लखनऊ में भारत के पूर्व राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द की गरिमामयी उपस्थिति में उनकी आत्मकथा भारतीय गणतंत्र की विजयगाथा मेरा जीवन, मेरा संघर्ष के विमोचन कार्यक्रम में  सम्मिलित हुए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि रामनाथ कोविन्द जी ने अभावों को बाधा नहीं, बल्कि संघर्ष और सफलता की सीढ़ी बनाया। जीवन में परिस्थितियां अनुकूल हों तो लोककल्याण एवं विकास के पथ पर आगे बढ़ना चाहिए और विपरीत हों तो चुनौतियों से पलायन करने की बजाय साहस एवं संकल्प के साथ उनका सामना करना चाहिए। संघर्ष से निखरकर ही व्यक्तित्व शिखर तक पहुंचता है।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति कोविंद जी ने भारत के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर रहते हुए हर भारतवासियों के मन में सम्मान और श्रद्धा की अमिट छाप छोड़ी है। आज लखनऊ में उनके जीवन संघर्ष पर आधारित आत्मकथा ‘भारतीय गणतंत्र की विजय गाथा मेरा जीवन, मेरा संघर्ष का विमोचन उनकी गरिमामयी उपस्थिति में हुआ।