हाजीपुर, एजेंसी। केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने वैशाली जिले में गंगा नदी में नाव पलटने के कारण मारे गए बच्चों के परिजनों से बुधवार को मुलाकात की और मामले में जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय करने तथा लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा दिया। चिराग ने अपने लोकसभा क्षेत्र हाजीपुर के अंतर्गत आने वाले रामपुर श्यामचंद गांव का दौरा किया। यह हादसा मंगलवार रात करीब साढ़े आठ बजे उस समय हुआ जब गांव के निवासी नदी के पार दूसरे गांव में भोज में शामिल होने जा रहे थे।
हादसे में 15 वर्ष से कम उम्र के 13 बच्चों की मौत हो गई। चिराग ने संवाददाताओं से कहा, “मुझे पता चला है कि कल जिस नाव का इस्तेमाल किया गया था, वह क्षतिग्रस्त थी। गांव के लोगों के अनुरोध के बाद भी प्रशासन ने नयी नाव उपलब्ध नहीं कराई।” उन्होंने कहा, “यह अस्वीकार्य है। यह भी हैरान करने वाली बात है कि सूर्यास्त के काफी देर बाद इतनी बड़ी संख्या में बच्चों को नाव पर सवार होने की अनुमति कैसे दी गई।” केंद्रीय मंत्री ने दावा किया कि इस त्रासदी के लिए जिम्मेदार व लापरवाह अधिकारियों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि वह इस संबंध में मिली जानकारी मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ साझा करेंगे। हाजीपुर के सांसद ने कहा, “मैं जिला प्रशासन से आग्रह करता हूं कि संबंधित थाना प्रभारी और अंचल अधिकारी (सीओ) की ओर से बरती गई किसी भी संभावित लापरवाही की जांच की जाए और दोषी पाए जाने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए।”





