भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने राहुल गांधी, केजरीवाल और कॉजपा को दी चेतावनी

नयी दिल्ली, एजेंसी। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष नितिन नवीन ने शनिवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी, आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) पर विदेशी ताकतों के समर्थन से देश को अस्थिर करने की कोशिश करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार उनके ‘‘गलत मंसूबों’’ से सख्ती से निपटेगी और पार्टी कार्यकर्ता जमीनी स्तर पर उनकी कोशिशों को नाकाम करेंगे। 

नवीन ने यहां पत्रकारों से बातचीत के दौरान आरोप लगाया कि गांधी, केजरीवाल और कॉजपा अराजकता फैलाने की कोशिश कर रहे हैं, क्योंकि वे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश की प्रगति को ‘‘बर्दाश्त नहीं कर पा रहे।’’ उन्होंने कहा, ‘‘देश में अराजकता की स्थिति पैदा करने की कोशिश की जा रही है। देश और उसके 140 करोड़ लोगों को अस्थिर करने के प्रयास किए जा रहे हैं। ऐसा कौन कर रहा है? दो अराजक समूह ऐसा कर रहे हैं। इनमें से एक का नेतृत्व ‘इंडी गठबंधन’ के नेता राहुल गांधी कर रहे हैं और दूसरे का नेतृत्व अरविंद केजरीवाल और उनके सहयोगी कॉजपा कर रहे हैं।’’ भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि दोनों समूह एक-दूसरे से आगे निकलने की कोशिश कर रहे हैं, ताकि यह साबित कर सकें कि उनमें से कौन ज्यादा अराजकता फैलाने वाला है। उन्होंने कहा कि भारत की जनता उनके मंसूबों से पूरी तरह वाकिफ है। नवीन ने कहा, ‘‘मैं आज आपको स्पष्ट चेतावनी देता हूं कि आप जिस तरह की बिकाऊ राजनीति कर रहे हैं और विदेशी ताकतों के साथ मिलकर भारत को अस्थिर करने की कोशिश कर रहे हैं, उसमें कभी सफल नहीं होंगे। मैं आपको चेतावनी देता हूं कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और इस देश के देशभक्त लोग आपको इसका करारा जवाब देंगे।’’ उन्होंने कहा, ‘‘आप तनाव बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं। भारत सरकार इस स्थिति से सख्ती से निपटेगी और भाजपा कार्यकर्ता जनता के बीच मजबूती से मौजूद रहकर आपकी इन कोशिशों को नाकाम करेंगे।’’