शिकागो, एजेंसी। अमेरिका की बहुराष्ट्रीय प्रौद्योगिकी कंपनी माइक्रोसॉफ्ट के आउटलुक समेत विभिन्न मंचों की सेवाएं बृहस्पतिवार को बड़े पैमाने पर बाधित हो गईं, जिससे कई उपयोगकर्ताओं को अपने ईमेल खातों का इस्तेमाल करने में परेशानी हुई और कंपनी के विभिन्न ऐप के अन्य फीचर भी ठीक से काम नहीं कर रहे थे। इन व्यवधानों की शुरुआत अमेरिकी पूर्वी समय के अनुसार दोपहर के बाद हुई और ये रात तक जारी रहे। इनका असर कई कंपनियों और कुछ सरकारी कामकाज पर भी पड़ा। सेवाओं में आयी बाधा पर नजर रखने वाली वेबसाइट ‘डाउनडिटेक्टर’ के अनुसार, दोपहर एक बजे के कुछ ही देर बाद करीब 1.30 लाख उपयोगकर्ताओं ने आउटलुक (ईमेल सेवा) तक पहुंच में परेशानी की शिकायत की। इसके बाद शिकायतों की संख्या में कमी आई, लेकिन कई उपयोगकर्ताओं ने बताया कि वे न तो ईमेल भेज पा रहे थे और न ही प्राप्त कर पा रहे थे।
कुछ उपयोगकर्ताओं को अपना ‘इनबॉक्स’ खोलने में भी परेशानी हुई। माइक्रोसॉफ्ट के कार्यस्थल पर संवाद के लिए इस्तेमाल होने वाले ऐप ‘टीम्स’, उसके कृत्रिम मेधा (एआई) सहायक ‘कोपायलट’ और माइक्रोसॉफ्ट 365 की अन्य सेवाओं में भी हजारों उपयोगकर्ताओं ने समस्याओं की शिकायत की। शुक्रवार को एशिया के कई हिस्सों में भी सुबह के समय माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं में समस्याओं की शिकायतें सामने आईं। जापान में उप मुख्य कैबिनेट सचिव मसानाओ ओजाकी ने शुक्रवार को कहा कि माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं में आई बाधा से सरकार का सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) बुनियादी ढांचा प्रभावित हुआ है और अधिकारी इस घटनाक्रम पर ‘‘करीबी नजर रख रहे हैं।’’ माइक्रोसॉफ्ट ने कहा कि वह अपनी सेवाओं में आई बाधा की जांच कर रही है और खास तौर पर उसकी ईमेल तथा टीम्स सेवाओं में आ रही समस्याओं पर ध्यान दिया जा रहा है। कंपनी ने बताया कि उसके बुनियादी ढांचे के एक हिस्से पर सामान्य से अधिक दबाव पड़ रहा है, जिससे कनेक्टिविटी संबंधी समस्याएं पैदा होने की आशंका है। माइक्रोसॉफ्ट ने पाया कि कुछ सर्वर अप्रत्याशित रूप से उपलब्ध नहीं हो पा रहे थे। ऐसा एक तकनीकी समस्या के कारण हुआ, जिसकी वजह से वे ‘ऑटोमेटेड हेल्थ चेक’ के दौरान काम करना बंद कर रहे थे। माइक्रोसॉफ्ट 365 स्टेटस खाते से सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा गया, ‘‘हम सेवाओं पर पड़ रहे असर को कम करने के लिए हरसंभव उपाय तेजी से अपना रहे हैं।’’ इससे पहले कंपनी ने कहा था कि उसने उत्तरी अमेरिका में माइक्रोसॉफ्ट टीम्स से जुड़ी समस्याओं को सफलतापूर्वक दूर कर दिया है। हालांकि, इसके बावजूद कुछ उपयोगकर्ताओं ने कनेक्टिविटी संबंधी दिक्कतें जारी रहने की शिकायत की।





