सबसे बड़े एलपीजी भंडारण गुफा का उद्घाटन, मेगा प्रोजेक्ट से देश को मिलेगा ऊर्जा कवच 

जनप्रवाद ब्यूरो, नोएडा। दुनियाभर के देशों में मौजूद विशालकाय गुफाओं के बारे में हम अक्सर डरावनी और रोचक कहानियां पढ़ते या सुनते हैं। अब भारत सरकार ने भी समुद्र के किनारे, जमीन के सैकड़ों फीट नीचे विशाल गुफा तैयार की है। यह भूमिगत भंडारण गुफा न केवल गैस रखने का ठिकाना बनेगी बल्कि देश की ऊर्जा सुरक्षा का बड़ा कवच भी साबित होगी। यह मेगा प्रोजेक्ट आज देश को समर्पित होने वाला है।
कर्नाटक-गुजरात के दौरे पर रहेंगे पीएम


पीएम मोदी आज यानी 13  और 14 नवंबर को कर्नाटक और गुजरात के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे बेंगलुरु मेट्रो के नए चरण को हरी झंडी दिखाएंगे। साथ ही कर्नाटक में 15,600 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन और लोकार्पण करेंगे। सबसे पहले आज पीएम मोदी बेंगलुरु में प्रशांति कुटीरम के स्वर्ण जयंती समारोह में शामिल होंगे। इसके बाद तावरेकेरे से आइआइएम बेंगलुरु मेट्रो स्टेशन तक मेट्रो यात्रा करेंगे। वे मैसुरु में भारत वन में पौधारोपण कार्यक्रम में हिस्सा लेने के साथ कासमास-मैसुरु तारामंडल का उद्घाटन भी करेंगे। पीएम मोदी मंगलुरु में 850 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से निर्मित देश की सबसे बड़ी भूमिगत एलपीजी भंडारण सुविधा राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इसकी क्षमता 80 हजार मीट्रिक टन है। इसके अलावा अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित चार रेलवे स्टेशनों- चामराजनगर, चिकमगलूर, सकलेशपुर और सुब्रह्मण्य रोड का उद्घाटन करेंगे। वहीं गुजरात दौरे के दौरान पीएम मोदी बनासकांठा स्थित प्रसिद्ध अंबाजी मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना करेंगे। यह मंदिर 51 शक्तिपीठों में शामिल है।
एलपीजी भंडारण सुविधा शुरू

देश की सबसे बड़ी भूमिगत एलपीजी भंडारण सुविधा के लिए समुद्र के किनारे सैकड़ों फीट नीचे विशाल गुफा तैयार की गई है। यह धरती से तकरीबन 160 मीटर नीचे तैयार की गई है। इसमें 80 हजार मीट्रिक टन रसोई गैस रखी जाएगी। यह धरती के नीचे छिपा भारत का सबसे बड़ा गैस भंडार होगा। इसे मेघा इंजीनियरिंग एंड इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड ने तैयार किया है। इसका डिजाइइन बेहद खास है। जमीन के नीचे गुफा में गैस रहेगी और ऊपर कुछ भी काम किया जा सकेगा। इसके लिए 9.4 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बनाई गई है। यह न्यू मंगलुरु पोर्ट को मुख्य टर्मिनल से जोड़ेगी। यानी विदेश से जहाज के जरिए आने वाली एलपीजी को पोर्ट से सीधे स्टोरेज टर्मिनल तक इससे भेजा जाएगा। इसके बाद यह गैस गुफा में स्टोर हो जाएगी। इसके खास डिजाइइन की बात करें तो चट्टानों के आसपास पानी का दबाव बनाए रखने और गैस के रिसाव को रोकने के लिए वॉटर कर्टेन सिस्टम लगाया गया है। मुख्य स्टोरेज गुफा का निचला हिस्सा समुद्र तल से करीब 141 मीटर नीचे रखा गया है। आॅपरेशनल शाफ्ट करीब 156 से 164 मीटर तक गहराई में जाता है। दो मुख्य स्टोरेज चैंबर करीब 220 और 225 मीटर की गहराई पर बनाए गए हैं।
युद्ध के समय नहीं आएगा संकट

बता दें कि जब ईरान-अमेररिका के बीच जंग तेज हुई तो भारत को एलपीजी मिलने में काफी परेशानी हुई थी। बड़ी मुश्किल से सरकार ने दूसरे-दूसरे रास्तों और दूसरे-दूसरे देशों से एलपीजी मंगाई थी। ऐसे में युद्धकाल के समय 80 हजार टन क्षमता वाली एलपीजी भारत की ऊर्जा शक्ति की रीढ़ साबित होगी। ऐसे में कहा जा सकता है कि यह सुविधा देश की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने और आपातकालीन या वैश्विक आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में रसोई गैस की निरंतर आपूर्ति सुनिश्चित करने में मदद करेगी।