कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में रातभर ताजा बर्फबारी हुई

श्रीनगर, एजेंसी। कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में बुधवार सुबह ताजा बर्फबारी हुई, जिससे कई इलाके बर्फ की सफेद चादर से ढक गए। मौसम में यह बदलाव सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण आया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि कश्मीर के मैदानी इलाकों में रातभर बारिश हुई। उन्होंने बताया कि मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान बारिश का दौर जारी रहने का पूर्वानुमान जताया है। अधिकारियों के मुताबिक, सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से ऊंचाई वाले कई इलाकों में रातभर हल्की से मध्यम बर्फबारी हुई।

कश्मीर के ऊंचाई वाले कई इलाकों में ताजा बर्फबारी हुई, जबकि कई अन्य स्थानों पर लगातार दूसरे दिन भी बर्फबारी जारी रही। दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले में स्थित पर्यटन स्थल पहलगाम और इसके आसपास के इलाकों में रातभर बर्फबारी हुई। उत्तरी कश्मीर के पर्यटन स्थलों गुलमर्ग और सोनमर्ग के साथ-साथ जोजिला मार्ग, राजदान टॉप और गुरेज के तुलैल में भी रुक-रुककर बर्फबारी जारी रही। घाटी के मैदानी इलाकों में, जिनमें ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर भी शामिल है, रातभर बारिश हुई। हालांकि, सुबह होते-होते बादल छंट गए और धूप निकल आई। मौसम विभाग ने कहा कि बृहस्पतिवार तक कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी होने की संभावना है। इस दौरान गरज के साथ बिजली चमकने, तेज हवाएं चलने और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि होने का भी अनुमान है। विभाग ने कहा कि 16 अक्टूबर को मौसम आमतौर पर शुष्क रहेगा और कुछ स्थानों पर थोड़े समय के लिए हल्की बारिश हो सकती है। इसके बाद 24 अक्टूबर तक मौसम सामान्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है।