तीन दिनों से शेयर मार्केट में उछाल, जानकार इसके पीछे मान रहे कई कारण

जन प्रवाद, ब्यूरो।
नई दिल्ली। अमेरिका-ईरान, अफगानिस्तान-पाकिस्तान, रूस-यूक्रेन युद्ध के चलते धड़ाम चल रहा शेयर बाजार पिछले तीन दिनों से उछाल पर है। सेंसेक्स और निफ्टी दोनों ही रॉकेट की रफ्तार पकड़े हुए हैं। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स करीब 850 अंकों की तेजी के साथ उछला, वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज यानी निफ्टी भी 250 अंकों की तेजी के साथ कारोबार कर रहा है। बता दें कि तीन दिनों से शेयर बाजार में लगातार तेजी के साथ बीएसई का सेंसेक्स अपने पिछले बंद 76,070 की तुलना में उछाल के साथ 76,367 पर खुला। इसके बाद 76,929 पर पहुंच गया। वहीं बीएसई की तरह निफ्टी भसी मंगलवार को अपने बंद 23,581 के मुकाबले उछाल के साथ 23,835 के स्तर पर पहुंच गया। बता दें कि मेटल को अगर छोड़ दें तो सभी सेक्टर बुधवार को ग्रीन दिखाई दिए। 


खासकर आईटी शेयरों में जबरदस्त खरीदारी देखने को मिली। निफ्टी-50 में टेक महिंद्रा, एक्सचेंज टैक से लेकर टाटा ग्रुप की टीसीएस के शेयर सबसे ज्यादा फायदे में रहे। इनमें तकरीबन चार प्रतिशत तक की तेजी देखी गई। वहीं, एचडीएफसी से लेकर कोल इंडिया तक रफ्तार पकड़े हुए नजर आए। बता दें कि शेयर मार्केट में आई तेजी का पहला कारण विदेशों से पॉजिटिव सिग्नल माना जा रहा है एशियाई बाजारों ने भी शुरुआत से ही तेजी दिखाई। वहीं साउथ कोरिया का कोस्पी करीब चार प्रतिशत से ज्यादा चढ़ गया। वहीं जापान का निक्केई भी दो प्रतिशत से ज्यादा तेजी के साथ कारोबार कर रहा था। वहीं, आईटी सेक्टर के शेयरों में खरीदारी भी बड़ी वजह मानी जा रही है। तमाम आशंकाओं के बीच आईटी शेयरों में जोरदार उछाल आया है। इसके अलावा कच्चे तेल की कीमतों में स्थिरता भी बड़ा कारण है।