जन प्रवाद, ब्यूरो।
लखनऊ। यूपी-एमपी सहयोग सम्मेलन 2026 का आज यानी मंगलवार को काशी में आयोजन होगा। जिसमें उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के बीच आर्थिक इकोसिस्टम तैयार होगा। इसमें दोनों राज्यों के उद्यमी, निर्यातक और शिल्पियों का समागम होगा। सम्मेलन का उद्घाटन मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे। इस दौरान यूपी के औद्योगिक विकास मंत्री नंदगोपाल नंदी और एमएसएमई मंऋी राकेश सचान भी उपस्थिति रहेंगे।

सम्मेलन में दोनों राज्यों की औद्योगिक क्षमताओं, ओडीओपी, बाजार की संभावनाओं, कृषि उत्पादों और पर्यटन की संभावनाओं पर संवाद होगा।
पर्यटन के बढ़ाने की दिशा में राउंड टेबल कांफ्रेंस होगी जिसमें वाराणसी, उज्जैन और चित्रकूट को जोड़ा जाएगा। साथ ही उक्त धार्मिक स्थलों के लिए पर्यटन को कैसे आगे बढ़ाया जाए इस पर मंथन होगा। इसके अलावा मध्य प्रदेश के ओडीओपी उत्पादों, जीआई टैग वाले उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगेगी। दोनों राज्यों के बीच एमओयू पर हस्ताक्षर किए जाएंगे। साथ ही गंगा-नर्मदा क्राफ्ट कॉरिडोर की भी वार्ता होगी। एमपी के चंदेरी, महेश्वरी कला के शिल्पकारों और वाराणसी सिल्क के कारीगरों के साथ साझा ब्रांडिंग, बाजार विस्तारीकरण पर भी विमर्श होगा।





