जनप्रवाद ब्यूरो, नोएडा। बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान अर्नब का असर दिखना शुरू हो गया है। इसके असर से करीब पांच राज्यों में बारिश का दौर शुरू हो चुका है। वहीं 28 अक्तूबर को इसके आंध्र प्रदेश के तट से टकराने की आशंका है। देश के 15 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। ओडिशा के पांच जिलों में स्कूल-कॉलेज बंद कर दिए गए हैं।
बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र
बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र रविवार को चक्रवाती तूफान अर्नब में बदल गया। इसके असर से आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, ओडिशा, केरलम, पुडुचेरी में भारी बारिश शुरू हो गई है। मौसम विभाग के मुताबिक यह तूफान 28 अक्तूबर को आंध्र के तट से टकरा सकता है। चक्रवात के असर से यूपी, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल, उत्तराखंड, हरियाणा, दिल्ली, पंजाब समेत 15 राज्यों में हल्की से भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
इस दौरान 115 से 125 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान जताया गया है। मौसम विभाग के अनुसार हवा की रफ्तार 140 किलोमीटर प्रतिघंटा तक भी पहुंच सकती है।
7 जिलों में हाई अलर्ट
चक्रवात अर्नब को लेकर ओडिशा के सेंट्रल रेंज के 7 जिलों में हाई अलर्ट जारी किया है। पुलिस प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। साथ ही किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए हैं। सेंट्रल रेंज के आईजीपी सत्यजीत नायक और बिस्वनाथ दाश ने इस संबंध में जानकारी दी है। ओडिशा के गंजाम, गजपति, रायगढ़ा, कोरापुट और मलकानगिरी जिले में 28 और 29 अक्तूबर को सभी स्कूल-कॉलेज और आंगनवाड़ी केंद्र बंद करने के आदेश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने आठ मंत्रियों को संवेदनशील जिलों में तैनात किया है। ओडिशा के अलावा पश्चिम बंगाल और आंध्र प्रदेश में भी एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों को तैनात किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवाती तूफान का असर आंध्र प्रदेश, ओडिशा, छत्तीसगढ़, तमिलनाडु और केरल समेत 15 राज्यों में देखने को मिलेगा।
बांग्लादेश ने दिया नाम
बता दें कि चक्रवाती तूफानों के नामों की सूची के अनुसार इस मौसमी सिस्टम के चक्रवात बनने पर इसका नाम अर्नब रखा गया है। यह नाम बांग्लादेश ने दिया है। बंगाली भाषा में अर्नब का अर्थ महासागर होता है। विश्व मौसम विज्ञान संगठन और भारत मौसम विज्ञान विभाग की क्षेत्रीय चक्रवात नामकरण सूची में यह नाम शामिल है। मौसम विभाग के अनुसार यूपी में तूफान के असर से 29 व 30 अक्तूबर को पूर्वी यूपी और मध्यांचल में भारी बारिश के आसार जताए गए हैं। मौसम विभाग का कहना है कि 29 अक्तूबर को कई जिलों में भारी बारिश के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की भी आशंका है। गरज चमक और बारिश का दौर और मौसम का यह बदलाव 31 अक्तूबर तक जारी रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार तीन दिनों में प्रदेश भर में तापमान में 6 से 8 डिग्री तक की गिरावट के आसार हैं। इसी तरह छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में मंगलवार से बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है। पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, मैहर, सीधी, उमरिया, शहडोल, अनूपपुर, डिंडौरी और बालाघाट में आॅरेंज अलर्ट है। वहीं जबकि छतरपुर, कटनी, जबलपुर, मंडला, छिंदवाड़ा और सिवनी में भारी बारिश हो सकती है। बारिश की चेतावनी से पहले प्रदेश में रात के तापमान में गिरावट आई है। कटनी के करौंदी में न्यूनतम तापमान 13.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। वहीं अर्नब तूफान से पहले उत्तर भारत में गुलाबी ठंड ने भी दस्तक दे दी है। पहाड़ों में हो रही बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों दिल्ली, यूपी, बिहार, राजस्थान और मध्य प्रदेश में दिखने लगा है। मौसम विभाग ने उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है।





