त्योहारी सीजन से पहले महंगाई का झटका, एसी, एलईडी टीवी, वॉशिंग मशीन होंगे महंगे 

जनप्रवाद ब्यूरो, नोएडा। त्योहारी सीजन से पहले एसी, एलईडी टीवी, वॉशिंग मशीन और फ्रिज जैसे इलेक्ट्रॉनिक सामान महंगे होने की तैयारी में हैं। कंपनियां एक अक्तूबर से कीमतों में 3 से 8 फीसदी तक बढ़ोतरी कर सकती हैं। एसी के दाम 5 से 8 फीसदी और टीवी, वॉशिंग मशीन व फ्रिज के दाम 3 से 4 फीसदी तक बढ़ने की संभावना है। ऐसे में यहां यह जानना जरुरी है इनके दाम क्यों बढ़ने वाले हैं।

त्योहारी सीजन से ठीक पहले आम लोगों की जेब पर महंगाई की मार पड़ने वाली है। एसी, एलईडी टीवी, वॉशिंग मशीन और फ्रिज समेत कई इलेक्ट्रॉनिक सामान एक अक्तूबर से महंगे होने वाले हैं। इसमें एसी के दाम करीब पांच से आठ फीसदी, जबकि कुछ कंपनियां टीवी, वॉशिंग मशीन और फ्रिज के दाम तीन से चार फीसदी बढ़ा सकती हैं। यह इस साल तीसरी बढ़ोतरी होगी। हालांकि, कुछ कंपनियां अभी बाजार की स्थिति का आकलन कर रही हैं। बता दें कि ऐसा इसलिए हो रहा है क्योंकि धातुओं की बढ़ती कीमतें, करेंसी मार्केट में जोरदार उतार-चढ़ाव और पश्चिम एशिया में भू-राजनीतिक उथल-पुथल इसका प्रमुख कारण है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार तांबा, इस्पात, एल्यूमीनियम और कच्चे तेल से बने उत्पाद महंगे हुए हैं। इससे प्रमुख कच्चे माल की लागत में तेज वृद्धि के साथ माल ढुलाई शुल्क में इजाफा हो रहा है। 

रिपोर्ट में कहा गया है कि एसी, टीवी और अन्य घरेलू उपकरणों की कीमतों में 8 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। कई निर्माता वाशिंग मशीन, रेफ्रिजरेटर और एलईडी टीवी की कीमतों में भी 3 से 4 प्रतिशत की बढ़ोतरी करने जा रहे हैं। इसके अलावा अन्य प्रोडक्ट्स बनाने वाले निर्माता भी कुल प्रभाव का आकलन करने के लिए स्थिति का मूल्यांकन करने में जुटे हैं। रिपोर्ट के अनुसार ब्लू स्टार, गोदरेज अप्लायंसेज, हायर, डाइकिन और सुपर प्लास्ट्रोनिक्स समेत प्रमुख इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनियों ने बढ़ोत्तरी की पुष्टि कर दी है। उनके अनुसार कीमतों में 4 से 10 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी हो सकती है। उद्योग सूत्रों के हवाले से इसमें बताया गया है कि एलजी और बॉश होम कम्फर्ट ने एसी की कीमतों में लगभग 5 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी को लागू कर दिया है। वहीं, पैनासोनिक इस संबंध में कोई निर्णय लेने से पहले मूल्यांकन में जुटी है।

ब्लू स्टार के एमडी बी थियागराजन ने इस बारे में बयान जारी किया। उननका कहना है कि अमेरिका, ईरान और इजरायल युद्ध के कारण सभी वस्तुओं की कीमतें बढ़ रही हैं। तांबा, इस्पात और प्लास्टिक सभी महंगे हो गए हैं। पिछले साल के त्योहारी सीजन की तुलना में लागत लगभग 15 प्रतिशत तक बढ़ी है। वहीं यूपीआई के नए नियम लागू होने से पहले बाजार में भय है। इसी तरह गोदरेज एंटरप्राइजेज ग्रुप के बिजनेस हेड अप्लायंसेज कमल नंदी ने भी इस बारे में अपनी राय जाहिर की। उन्होंने कहा कि सभी कैटेगरी में 5 से 7 प्रतिशत की मूल्य वृद्धि होगी। इसका समय ब्रांड के अनुसार अलग-अलग हो सकता है, कुछ ब्रांड अक्टूबर से और कुछ नवंबर से इसे लागू करेंगे, लेकिन यह होना ही है। हायर इंडिया के अध्यक्ष एनएस सतीश ने कीमतों की बढ़ोत्तरी के लिए मार्जिन कम होने का दबाव  बताया। उनका कहना है कि 1 अक्टूबर से रूम एयर कंडीशनर की कीमतों में 5 प्रतिशत और एलईडी टीवी और वाशिंग मशीन की कीमतों में 2 से 3 प्रतिशत की वृद्धि की योजना है। इससे जनवरी तक कुल मिलाकर 15 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी हो सकती है। उन्होंने कीमतों में बढ़ोतरी का कारण बताते हुए एक उदाहरण दिया कि तांबे की कीमतें पिछले साल 8,000-9,000 डॉलर प्रति मीट्रिक टन से बढ़कर 14,500 डॉलर हो गई हैं।