जन प्रवाद, ब्यूरो।
अमरोहा। जनपद अमरोहा के डिडौली थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक मुठभेड़ के दौरान 25 हजार रुपये का इनामी वांछित अभियुक्त जावेद गिरफ्तार किया गया है। जवाबी कार्रवाई में अभियुक्त के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तमंचा, कारतूस और मोटरसाइकिल बरामद करने का दावा किया है।
मामला थाना डिडौली क्षेत्र का है, जहां पुलिस को सूचना मिली थी कि 25 हजार रुपये का इनामी वांछित अभियुक्त जावेद ग्राम जोजखेड़ा के जंगलों में आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम चौबरिया चौराहे के पास चेकिंग शुरू की। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार एक संदिग्ध व्यक्ति को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने भागने का प्रयास किया और मोटरसाइकिल फिसलने के बाद पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस का कहना है कि आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपी जावेद के बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया। 
पुलिस के मुताबिक आरोपी के कब्जे से एक मोटरसाइकिल, 315 बोर का अवैध तमंचा, दो खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। पूछताछ में पुलिस ने आरोपी द्वारा 31 जुलाई 2026 की रात जोया क्षेत्र में हुई गोकशी की घटना में शामिल होने की बात बताए जाने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ अमरोहा और मथुरा में गोकशी समेत अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल, मुठभेड़ के संबंध में मुकदमा दर्ज कर पुलिस द्वारा अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
मुठभेड़ में इनामी बदमाश गिरफ्तार, पैर में लगी गोली, अस्पताल में भर्ती
28-Sep-2026





