नई दिल्ली, एजेंसी। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बृहस्पतिवार को हरियाणा के करनाल में पदयात्रा का नेतृत्व करेंगे और एक जनसभा को संबोधित करेंगे। भाजपा के अनुसार, शाह सेक्टर-12 से दयानंद चौक तक पदयात्रा की अगुवाई करेंगे, जहां वह एक जनसभा को संबोधित करेंगे। यह कार्यक्रम पूर्वाह्न 11 बजकर 40 मिनट पर शुरू होना निर्धारित है। उत्तप्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों की तैयारियों के सिलसिले में भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन गोरखपुर में रणनीति बैठकों की अध्यक्षता करेंगे। वह बाबा गोरखनाथ मंदिर के दर्शन भी करेंगे। पार्टी के संपर्क अभियान के तहत केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव जयपुर में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा का नेतृत्व करेंगे। पुणे में, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं महाराष्ट्र प्रभारी बैजयंत जय पांडा मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के विषय पर एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करेंगे। यह अभियान ऐसे समय में आयोजित किए जा रहे हैं जब कथित चुनावी अनियमितताओं और लोकतांत्रिक संस्थाओं के कामकाज को लेकर भाजपा तथा विपक्षी दलों के बीच राजनीतिक टकराव जारी है। इससे पहले एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में एक जनसभा के दौरान इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस (इंडिया) गठबंधन ने ‘‘वोट चोरी’’ के आरोपों को लेकर भाजपा को सत्ता से बाहर करने का आह्वान किया था। इस रैली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा था कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर ‘‘देशद्रोह’’ का मामला चलाकर उन्हें जेल भेजा जाना चाहिए।
भाजपा मार्च : शाह करनाल में और वैष्णव जयपुर में ‘लोकतंत्र बचाओ’ पदयात्रा का नेतृत्व करेंगे
05-Nov-2026





