हुतियो ने सऊदी अरब एयरपोर्ट पर किया बड़ा हमला, दो एयरपोर्ट बंद 

जनप्रवाद ब्यूरो, नोएडा। अमेरिका और ईरान युद्ध के बीच अब सऊदी अरब युद्ध का नया मैदान बनता दिखाई दे रहा है। हुतियो ने सऊदी अरब एयरपोर्ट पर बड़ा हमला किया है। इसको लेकर दो एयरपोर्ट बंद कर दिए गए हैं। हमलों में 3 लोगों की मौत और 36 घायल हुए हैं। एअर इंडिया की फ्लाइट दिल्ली वापस लौट आई है। भारतीयों को घर से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है।
पश्चिम एशिया में हालात अतिसंवेदनशील

 

पश्चिम एशिया में बीते सात महीने से अधिक समय से हालात अतिसंवेदनशील हैं। ईरान-अमेरिका युद्ध की आग अब अन्य देशों तक भी पहुंच रही है। इससे पश्चिम एशिया में युद्ध का नया क्षेत्र बन बनने जा रहा है। ऐसा इसलिए है क्योंकि सबसे पहले हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट समेत कई ठिकानों पर भीषण हमले किए। वहीं उसके जवाब में पहली बार पाकिस्तान एयर फोर्स ने यमन में ईरान-समर्थित हूतियों के खिलाफ हमले किए। इसी के साथ सऊदी अरब के साथ पाकिस्तान का मक्का समझौता पहली बार लागू हुआ है। बता दें कि ईरान ने पहले ही पाकिस्तान को चेतावनी दी थी कि अगर वह इस युद्ध में उतरा तो इसके गंभीर परिणाम होंगे। वैश्विक मामलों के जानकारों का मानना है कि अब अमेरिका-ईरान युद्ध के साथ ही ईरान और हुति विद्रोहियों का सऊदी अरब और पाकिस्तान के साथ टकराव तय है। हुति विद्रोहियों ने इसके संकेत भी दे दिए हैं। विद्रोहियों ने वैश्विक एयरलाइंस को सऊदी हवाई क्षेत्र में संचालन के संभावित परिणामों के बारे में अंतिम चेतावनी दी। उन्होंने इस हवाई क्षेत्र को अपनी सैन्य गतिविधियों का रंगमंच बताया। 
पाकिस्तान एयर फोर्स ने किया हमला
अमेरिकी अखबार द न्यूयॉर्क टाइम्स ने एक रिपोर्ट में कहा है कि यमन में ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों पर पाकिस्तान एयर फोर्स के लड़ाकू विमानों का इस्तेमाल किया जा रहा है। पाकिस्तानी लड़ाकू विमान हूती विद्रोहियों पर बम बरसा रहे हैं। पाकिस्तान ने मक्का पैक्ट को लागू करते हुए सऊदी अरब को सैन्य मदद देना शुरू कर दिया है। इसके साथ ही पाकिस्तान ईरान के खिलाफ भी खुलकर सामने आ गया है। ऐसा इसलिए है क्योंकि माना जा रहा है कि हूती विद्रोहियों की असली ताकत ईरान ही है। न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के अनुमानों के अनुसार, सऊदी अरब में पाकिस्तान के करीब 8,000 सैनिक भी तैनात हैं। दूसरी ओर हूतियों ने भी सऊदी अरब के रियाद हवाई अड्डे को तीसरी बार निशाना बनाने का दावा किया है। यह दावा सऊदी नेतृत्व वाले सैन्य गठबंधन द्वारा हमला रोकने की घोषणा के बाद आया है। हूती सैन्य प्रवक्ता याह्या सारी ने बताया कि उन्होंने रियाद हवाई अड्डे पर दो मिसाइलें दागीं। इसके अतिरिक्त, नजरां के एक हवाई अड्डे और खमीस मुशैत के एक एयरबेस पर भी एक-एक मिसाइल दागी गई।  हुती विद्रोहियों के दावों पर सऊदी अधिकारियों ने बताया कि रियाद और आभा हवाई अड्डों पर हूतियों के हमलों में 3 लोगों की मौत और 36 घायल हुए हैं। 
दुनियाभर के दशों की चिंताएं बढ़ी

हुति विद्रोहियों के सऊदी अरब के ताजा हमलों के बाद दुनियाभर के दशों की चिंताएं बढ़ गई हैं। सुरक्षा कारणों से दिल्ली से रियाद जा रही एयर इंडिया की उड़ान को अरब सागर के ऊपर से वापस दिल्ली मोड़ दिया गया। रियाद में संकट गहराने के कारण सुरक्षा कारणों से एअर इंडिया, इंडिगो ने कई उड़ानें रद्द करने का एलान किया है। एअर इंडिया, इंडिगो और एअर इंडिया एक्सप्रेस ने रियाद के लिए अपनी उड़ानें 10 अक्तूबर तक रद्द कर इस निर्णय के पीछे क्षेत्र में गंभीर सुरक्षा स्थिति का हवाला दिया। प्रभावित यात्रियों को पूरा रिफंड या नई तारीख पर मुफ्त यात्रा रिशेड्यूल जैसे आॅफर दिए जा रहे हैं। विमानों को ट्रैक करने वाली वेबसाइट्स की रिपोर्ट के मुताबिक वैश्विक स्तर पर रियाद से जुड़ी कम से कम 330 उड़ानें रद्द की गई हैं। एअर इंडिया, इंडिगो के अलावा लुफ्थांसा समूह की एयरलाइंस ने भी रियाद के लिए अपनी उड़ानें निलंबित करने की घोषणा की है। विमानन कंपनियों के डाटा का विश्लेषण करने वाली कंपनी- सिरियम के आंकड़ों के अनुसार, रियाद हवाई अड्डे से 1500 जीएमटी तक 49 फीसदी उड़ानें रद्द हो चुकी थीं। सऊदी के सभी हवाई अड्डों पर शुक्रवार के लिए 31 और उड़ानें रद्द होने की उम्मीद है। यह क्षेत्र में बढ़ती सुरक्षा चिंताओं और हवाई यात्रा पर इसके बड़े असर को दर्शाता है। एयरलाइंस यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता दे रही हैं। इस स्थिति के कारण कई यात्रियों को अपनी यात्रा योजनाओं में बदलाव करना पड़ा है। सऊदी अरब के अबहा और रियाद एयरपोर्ट पर मिसाइल हमलों के बाद भारतीय दूतावास ने नागरिकों को सतर्क रहने और जरूरत पड़ने पर घर में रहने की सलाह दी है।