दीपिका, रूतुजा, नवनीत की हैट्रिक से भारत ने इंडोनेशिया को 17 . 1 से हराया

काकामिगाहारा, एजेंसी। ड्रैग फ्लिकर दीपिका, फॉरवर्ड रूतुजा पिसाल और नवनीत कौर की हैट्रिक के दम पर भारतीय महिला हॉकी टीम ने इंडोनेशिया को 17 . 1 से हराकर एशियाई खेलों के पूल बी में सोमवार को लगातार दूसरी जीत दर्ज की । दीपिका ने आठवें, 28वें और 40वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर गोल दागे । इससे पहले उजबेकिस्तान के खिलाफ 19 . 0 से मिली जीत में दीपिका ने आठ गोल दागे थे ।

रूतुजा ने 15वें, 20वें और 38वें मिनट में गोल किये । नवनीत ने 35वें, 56वें और 57वें मिनट में गोल दागे । सुनेलिटा टोप्पो (11वां, 30वां) , लालरेम्सियामी (12वां और 16वां) और साक्षी राणा ( 25वां और 57वां ) ने दो दो गोल किये जबकि कप्तान सलीमा टेटे (35वां) और इशिका चौधरी (36वां ) ने एक एक गोल किया । इंडोनेशिया के लिये एकमात्र गोल इनेस आदितिया ने 32वें मिनट में दागा । भारत का सामना अब बुधवार को थाईलैंड से होगा । उजबेकिस्तान को रविवार को 19 . 0 से हराने के बाद भारत ने ठोस शुरूआत की । भारत को चौथे ही मिनट में पेनल्टी स्ट्रोक मिला लेकिन नवनीत के प्रयास को इंडोनेशियाई गोलकीपर ने रोक दिया । दीपिका ने आठवें मिनट में भारत को बढत दिलाई । इसके तीन मिनट बाद नेहा के पास पर सुनेलिटा ने गोल दागा । दो मिनट बाद पेनल्टी कॉर्नर पर दीपिका की फ्लिक इंडोनेशियाई गोलकीपर ने बचा ली जिसके बाद रिबाउंड पर लालरेम्सियामी ने गोल किया । रूतुजा ने साक्षी राणा का प्रयास बचा लिये जाने के बाद डिफ्लैक्शन पर गोल दागा । एक मिनट बाद लालरेम्सियामी ने और फिर रूतुजा ने गोल किये ।साक्षी ने 27वें मिनट में दीपिका के पेनल्टी कॉर्नर गोल के बाद रिबाउंड पर गोल किया । सुनेलिटा ने इसके बाद पेनल्टी कॉर्नर पर नवनीत की हिट पर गेंद गोल के भीतर डाली । दो मिनट बाद इंडोनेशिया के लिये इनेस ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदला । भारतीय कप्तान सलीमा ने इसके तीन मिनट बाद गोल किया । भारतीय खिलाड़ियों ने इंडोनेशिया के अनुभवहीन डिफेंस का पूरा फायदा उठाते हुए लगातार गोलों का सिलसिला जारी रखा ।