जनप्रवाद ब्यूरो, नोएडा। दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण ने एक बार फिर लोगों की चिंता बढ़ा दी है। आज सुबह राजधानी की हवा गंभीर श्रेणी में पहुंच गई। दिल्ली में आईआईटी में एक्यूआई 488 दर्ज किया गया। यह 500 के गंभीर स्तर के बेहद करीब है। ऐसे में डॉक्टरों ने बीमारियों से जूझ रहे लोगों और बुजुर्गों को घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है।
एक्यूआई के आंकड़े काफी डरावने
देश की राजधानी दिल्ली में हवा इस कदर जहरीली होती जा रही है कि अब यहां लोगों का सांस लेना तक दूभर हो चुका है। हर रोज वायु गुणवत्ता सूचकांक यानी एक्यूआई के आंकड़े काफी डरावने होने लगे हैं। मुश्किल यह है कि यह आंकड़ा कभी 400 तो कभी 500 के पार के करीब पहुंच रहा है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने चिंता जताई है कि अगर इसी तरह से यह बढ़ोतरी जारी रही, तो वो दिन दूर नहीं जब दिल्ली एक जहरीली गैस चैंबर में तब्दील हो जाएगी। बता दें कि बृहस्पतिवार सुबह राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र भूरे-पीले रंग की घनी धुंध की चादर में लिपटा नजर आया। वाहनों से निकले जहरीले धुएं ने संकट और बढ़ा दिया। कुल प्रदूषण में इसका हिस्सा 16 प्रतिशत रहा। इससे लोगों को आंखों में जलन, खांसी और सांस लेने में तकलीफ का सामना करना पड़ा। आज भी दिल्ली के कई इलाकों में एक्यूआई 400 के पार दर्ज किया गया। इसमें दिल्ली आईआईटी इलाके में एक्यूआई 488 दर्ज किया गया। इसी तरह आज सुबह आनंद विहार का एक्यूआई 414 और एम्स के आसपास 417 दर्ज किया गया। वहीं नेहरू स्टेडियन के आसपास का एक्यूआई 374 रहा।
फिर खतरनाक स्तर पर प्रदूषण
ग्रेटर नोएडा में भी प्रदूषण एक बार फिर खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है। शुक्रवार सुबह 6 बजे शहर का औसत एक्यूआई 354 दर्ज किया गया। यह बेहद खराब श्रेणी यानी रेड जोन में है। यहां लगातार तीन दिन से हवा बिगड़ती जा रही है। 10 नवंबर को यहां एक्यूआई 233, 11 नवंबर को 257 और 12 नवंबर को 288 था। शहर के चारों एक्टिव स्टेशनों पर हवा खराब है। नॉलेज पार्क-5 में सबसे ज्यादा 376, घोड़ी बछेड़ा में 370 दर्ज किया गया। नोएडा का वायु गुणवत्ता सूचकांक 335 दर्ज किया गया। गुरुग्राम और फरीदाबाद में भी सुबह के समय धुंध की चादर छाने के साथ ही हवा में प्रदूषण का जहर भी घुला हुआ है। शुक्रवार सुबह 8 बजे केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के शहर स्तरीय वायु गुणवत्ता आंकड़ों के अनुसार, गुरुग्राम का एक्यूआई 354 और मानेसर का 351 दर्ज किया गया। दोनों शहरों में हवा बेहद खराब श्रेणी में पहुंच गई है। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली एनसीआर में वायु प्रदूषण का स्तर पिछले वर्ष की तुलना में 97 प्रतिशत अधिक दर्ज किया गया। वहीं 2024 के मुकाबले यह 32 प्रतिशत अधिक है। सेंटर फॉर साइंस एंड एनवायरनमेंट के विश्लेषण के अनुसार अक्तूबर से नवंबर 2026 के मध्य तक दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण पिछले वर्षों की समान अवधि की तुलना में अधिक रहा।
स्वास्थ्य सेवाओं पर असर
दिल्ली एनसीआर के नोएडा में प्रदूषण का सीधा असर स्वास्थ्य सेवाओं पर भी दिखने लगा है। जिला अस्पताल की ओपीडी में सांस, आंख और नाक से जुड़ी समस्याओं के मरीजों की संख्या में 11 से 12 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। सामान्य दिनों में जहां ओपीडी में ऐसे करीब 100 मरीज पहुंचते थे, वहीं प्रदूषण बढ़ने के बाद यह संख्या 130 से 140 तक पहुंच गई है। डॉक्टरों के अनुसार जब तक वायु गुणवत्ता में सुधार नहीं आता, तब तक बच्चों, बुजुर्गों और सांस के मरीजों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। विशेषज्ञों ने चेताया है कि लंबे समय तक पीएम2.5 के संपर्क में रहने से यह फेफड़ों की गहराई और रक्तप्रवाह में पहुंचकर कई अंगों को नुकसान पहुंचा सकता है। डॉक्टरों ने सलाह दी है कि मास्क लगाकर ही घर से बाहर निकलें। बाहर जाते समय आंखों पर चश्मा पहनें। आंखों में जलन होने पर साफ पानी से धोएं। इसी तरह प्रदूषण नियंत्रण के लिए बोर्ड ने निर्माण स्थलों पर डस्ट ऐप पंजीकरण, एंटी स्मॉग गन, पानी का छिड़काव और वाहनों की जांच के निर्देश दिए हैं।





