पश्चिम बंगाल में दुष्कर्म और हत्या के आरोपी की पुलिस मुठभेड़ में मौत

कोलकाता, एजेंसी। पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में 17 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म और उसकी हत्या के आरोपी 23 वर्षीय युवक की पुलिस के साथ कथित मुठभेड़ में मौत हो गई। एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि यह घटना सोमवार रात गाइघाटा में हुई, जहां आरोपी को अपराध के पूरे घटनाक्रम को नाटकीय रूप से दोहराने के लिए ले जाया गया था। उन्होंने बताया कि इसी दौरान उसने एक पुलिस अधिकारी की सरकारी पिस्तौल कथित तौर पर छीनकर पुलिसकर्मियों पर गोली चला दी। पुलिस की जवाबी गोलीबारी में वह घायल हो गया। अधिकारी ने बताया कि आरोपी को चांदपाड़ा ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है। अधिकारी ने कहा, "हमारे अधिकारी अपराध के समय आरोपी द्वारा पहने गए कपड़े बरामद करने के लिए उसे उसके घर ले गए थे। लौटते समय उसने शौच जाने के लिए रुकने को कहा।

इसके बाद उसने एक पुलिसकर्मी की सरकारी पिस्तौल छीनकर गोली चला दी, जिसके जवाब में पुलिस ने गोलीबारी की।" उन्होंने कहा कि आरोपी ने पुलिस अधिकारी की पिस्तौल कैसे छीनी और गोलीबारी किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा सकती है। अधिकारी के अनुसार, आरोपी की गोलीबारी में कोई भी पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ। हालांकि, अपराध स्थल पर पूरे घटनाक्रम को नाटकीय रूप से दोहराने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे वाहन को थोड़ा नुकसान पहुंचा है। वाहन की फॉरेंसिक जांच कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि वाहन से कूदने के दौरान एक पुलिसकर्मी को मामूली चोट आई, जिसके बाद उसे प्राथमिक उपचार दिया गया। मृतक के परिजन अस्पताल पहुंचे और घटना पर नाराजगी जताई। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इलाके में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। आरोपी को 11वीं कक्षा की छात्रा से कथित दुष्कर्म और उसकी हत्या के मामले में गिरफ्तार किया गया था। छात्रा का शव रविवार सुबह गाइघाटा इलाके में एक पड़ोसी के घर के बाहर मिला था। वह शनिवार रात अपने घर के पास आयोजित संगीत कार्यक्रम में गई थी। पुलिस सूत्रों के अनुसार, वह किसी का फोन आने के बाद कार्यक्रम स्थल से चली गई और रात में घर नहीं लौटी। पश्चिम बंगाल में तीन महीने के भीतर यह दूसरी घटना है, जब अपराध के घटनाक्रम को नाटकीय रूप से दोहराने के दौरान पुलिसकर्मी की बंदूक छीनकर भागने की कोशिश करने वाले दुष्कर्म के किसी आरोपी की गोली लगने से मौत हुई। जुलाई में दक्षिण 24 परगना जिले के बारुईपुर में 11 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म और उसकी हत्या के मामले के मुख्य आरोपी की भी पुलिस मुठभेड़ में मौत हो गई थी। गाइघाटा की घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा के वरिष्ठ नेता और राज्य के ग्रामीण विकास मंत्री दिलीप घोष ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के शासन में राज्य की कानून-व्यवस्था बिगड़ गई है और लोगों का भरोसा फिर से जीतने के लिए पुलिस को कड़े कदम उठाने चाहिए। घोष ने कहा, "कोई भी कानून से ऊपर नहीं है। अगर कोई कानून अपने हाथ में लेता है, तो उसे इसका परिणाम भुगतना होगा। पुलिस को लोगों को न्याय दिलाना होगा। बंगाल के लोगों का पुलिस बल से भरोसा उठ गया है। उनका विश्वास फिर से जीतने के लिए पुलिस को कड़े कदम उठाने होंगे, भले ही कई लोगों को वे पसंद न आएं।"