जन प्रवाद, ब्यूरो।
नोएडा। यूपी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर बसपा ने अपना रुख स्पष्ट कर दिया है। बसपा सुप्रीमो मायावती ने कहा कि बसपा दूसरी पार्टियों की भांति आपराधिक तत्वों को अब प्रश्रय नहीं देगी। टिकट वितरण में सर्वजन की भागीदारी होगी। उन्होंने कहा कि बसपा सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय की विशिष्ट पहचान रखने वाली पार्टी है। उन्होंने पार्टी के प्रत्याशियों को शॉर्टलिस्ट करते समय सर्व समाज को उचित और समुचित प्रतिनिधित्व देने का भी सही से ख्याल रखने का निर्देश भी दिया है।

बसपा सुप्रीमो मायावती ने मंगलवार को पार्टी मुख्यालय में यूपी स्टेट व जिला कमेटी के छोटे बड़े सभी पदाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में संगठन की जमीनी व आर्थिक मजबूती, जनाधार को बढ़ाने और चुनावी तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने प्रगति रिपोर्ट को और बेहतर बनाने पर जोर दिया। साथ ही कहा कि इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि देशहित व जनहित के प्रति सरकारी उदासीनता से जनता त्रस्त है। प्रदेश की जनता बसपा की ओर काफी उम्मीद भरी निगाहों से देख रही है। जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए लगन व मेहनत से काम करने की जरूरत है।
बसपा सुप्रीमो मायावती ने कहा कि प्रदेश में रोजी-रोटी की पहले से कहीं ज्यादा समस्या हो गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जुमलेबाजी से लोगों की भूख मिटाना चाहती है।
बसपा सुप्रीमो ने कहा कि अमेरिका-ईरान युद्ध को लेकर जटिल समस्याएं हैं। गैस, पेट्रोल और डीजल की समस्याएं हैं साथ ही कीमतों में बढ़ोत्तरी हो गई है। वस्तुओं के दाम मनमाने तरीके से बढ़ गए हैं। उन्होंने आगामी 14 अप्रैल को डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर विशेष आयोजन का निर्देश दिया।





