यूपी ट्रेड शो की तैयारियां तेज, होटल संचालकों को सख्त हिदायत

जन प्रवाद, ब्यूरो।
ग्रेटर नोएडा। आगामी 25 से 29 सितंबर तक इंडिया एक्सपो मार्ट ग्रेटर नोएडा में आयोजित हो रहे यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी गौतमबुद्धनगर मेधा रूपम की अध्यक्षता में बैठक हुई जिसमें शिक्षण संस्थानों एवं होटल संचालकों को शामिल किया गया। 

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो उत्तर प्रदेश की औद्योगिक, शैक्षणिक, उद्यमिता, नवाचार एवं प्रतिभा को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण अवसर है। ऐसे में जनपद के विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों एवं विद्यालयों की इसमें सक्रिय सहभागिता अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी शिक्षण संस्थानों के पदाधिकारियों से अपेक्षा की कि वे अपने संस्थानों के विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों को ट्रेड शो से अधिक से अधिक जोड़ें। विद्यार्थियों को ट्रेड शो में भ्रमण के लिए प्रोत्साहित किया जाए, ताकि उन्हें देश-विदेश से आने वाले उद्योगों, उद्यमियों, स्टार्टअप्स, तकनीक एवं नवाचार से प्रत्यक्ष रूप से परिचित होने का अवसर प्राप्त हो सके। उन्होंने शिक्षण संस्थानों से अपील की कि वे अपने स्तर पर विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों के लिए ट्रेड शो से संबंधित जागरूकता एवं सहभागिता कार्यक्रम आयोजित करें तथा अधिक से अधिक विद्यार्थियों को आयोजन में भाग लेने के लिए प्रेरित करें।
जिलाधिकारी ने कहा कि आधुनिक तकनीक का उपयोग विद्यार्थियों के शिक्षण अनुभव को अधिक रोचक एवं प्रभावी बनाने में सहायक है। साथ ही, शिक्षण कार्य में व्हाइट बोर्ड सहित पारंपरिक एवं आधुनिक दोनों शिक्षण विधियों का संतुलित एवं आवश्यकता के अनुरूप उपयोग सुनिश्चित किया जाए, ताकि विद्यार्थियों को विषयवस्तु की बेहतर समझ विकसित हो सके।

जिलाधिकारी ने होटल संचालकों को अतिथियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने होटल संचालकों से कहा कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो जनपद गौतमबुद्ध नगर एवं उत्तर प्रदेश की छवि को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण अवसर है। ऐसे में होटल संचालक अतिथियों को उच्चस्तरीय, सुरक्षित, स्वच्छ एवं बेहतर आतिथ्य सुविधाएं उपलब्ध कराकर जनपद की सकारात्मक छवि प्रस्तुत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।


उन्होंने निर्देश दिए कि होटल संचालक ट्रेड शो के दौरान आने वाले अतिथियों के साथ शिष्ट एवं सहयोगात्मक व्यवहार सुनिश्चित करें तथा होटल में साफ-सफाई, सुरक्षा, पार्किंग, पेयजल एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था रखें। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि होटल संचालकों द्वारा निर्धारित दरों एवं बुकिंग से संबंधित नियमों का पूर्ण पालन किया जाए। किसी भी अतिथि अथवा आगंतुक से निर्धारित दर से अधिक राशि न वसूल की जाए। उन्होंने कहा कि ट्रेड शो में देश-विदेश से बड़ी संख्या में अतिथियों के आने की संभावना है। ऐसे में होटल संचालक अपने यहां उपलब्ध कमरों, सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं की समुचित तैयारी पहले से सुनिश्चित कर लें, ताकि किसी भी अतिथि को असुविधा का सामना न करना पड़े। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी अरुण कुमार सिंह, डिप्टी कलेक्टर अरुण कुमार, उपायुक्त उद्योग पंकज निर्वाण, जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्रशेखर, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पवार, सीईओ एक्सपो मार्ट सुदीप सरकार आदि अधिकारीगण मौजूद रहे।