यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो की तैयारियां तेज, सीएम योगी ने की समीक्षा बैठक

जन प्रवाद, ब्यूरो। 
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यूपीआईटीसी 2026 उत्तर प्रदेश की औद्योगिक क्षमता, नवाचार, उत्पादों एवं निर्यात सामर्थ्य को विश्व के समक्ष प्रस्तुत करने का प्रभावी मंच है। यह केवल व्यापार प्रदर्शनी नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘मेक इन इंडिया’ और ‘मेक फॉर द वर्ल्ड’ के विजन को आगे बढ़ाने वाला वैश्विक मंच है। 


सीएम योगी ने निर्देश दिए कि 25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित होने वाले यूपीआईटीसी-2026 का देश-विदेश में व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए। 
यूपीआईटीसी 2026 की थीम यूपी फॉर ग्लोबल ग्रोथ इनोवेशन, मैन्युफेक्चरिंग एंड एक्सपोर्ट होगी। आयोजन में 2400 से अधिक प्रदर्शकों, 1.50 लाख से अधिक बी2बी खरीदारों, 4.50 लाख से अधिक बी2सी आगंतुकों तथा 85 देशों से अधिक 550 से अधिक अंतराष्ट्रीय खरीददारों की सहभागिता का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। ट्रेड शो के दौरान चार हजार से अधिक एमओयू, 3200 करोड़ से ज्यादा प्रस्तावित एमओयू तथा 13500 करोड़ से अधिक की बिजनेस इंक्वायरी का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। 
सीएम योगी ने सिंगापुर, ओमान, ऑस्ट्रिया, ब्राजील, थाईलैंड, जापान, इंडोनेशिया, रूस सहित अन्य देशों के साथ सक्रिय संवाद स्थापित कर उनकी अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिए कि उत्तर प्रदेश की विविध औद्योगिक एवं आर्थिक क्षमता को एक ही मंच पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया जाए।सीएम योगी ने निर्देश दिए कि अंतरराष्ट्रीय खरीदारों, उद्यमियों एवं आगंतुकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए उद्यमी मित्रों की तैनाती सुनिश्चित की जाए तथा स्थानीय विश्वविद्यालयों एवं उच्च शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों की अधिकाधिक सहभागिता हो। उन्होंने कार्यक्रम के दौरान ट्रैफिक प्रबंधन, पार्किंग सुरक्षा, आधारभूत सुविधाओं एवं आगंतुकों की सुविधा के लिए ईवी बसों का संचालन सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि यह आयोजन उत्तर प्रदेश की औद्योगिक प्रगति, निवेश अनुकूल वातावरण एवं वैश्विक प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता का प्रभावी परिचायक बन सके।