उद्योग मंत्री संजीव अरोड़ा गिरफ्तार

जन प्रवाद, ब्यूरो। 
नोएडा। पंजाब सरकार को आज बड़ा झटका लगा है। शनिवार सुबह से ही ईडी की पंजाब सहित दिल्ली-एनसीआर के कई ठिकानों पर छापेमारी चल रही थी। इसके बाद ईडी ने संजीव अरोड़ा को गिरफ्तार कर लिया है। उनकी गिरफ्तारी 100 करोड़ से अधिक कथित जीएसटी खरीद बिल और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में हुई है। चंडीगढ़ में उनके सरकारी आवास से उन्हें गिरफ्तार किया गया है। खबरें हैं कि उनके बेटे को भी गिरफ्तार किया गया है। 


बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह ईडी की टीम ने पांच जगह छापेमारी की। चडीगढ़ स्थित उनके आवास के अलावा दिल्ली और गुरुग्राम स्थित परिसरों ने भी छापेमारी की। इनमें हैम्पटन स्काई रियल्टी लिमिटेड नामक कंपनी का परिसर भी शामिल है। अधिकारियों ने बताया कि केंद्रीय एजेंसी द्वारा धनशोधन निवारण अधिनियम की आपराधिक धाराओं के तहत नया मामला दर्ज किए जाने के बाद ये छापेमारी की है। 


बता दें कि ईडी ने अप्रैल माह में भी विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम के दीवानी प्रावधानों के तहत अरोड़ा और उनके जुड़ी इकाइयों के परिसरों पर छापे मारे थे। संजीव अरोड़ा लुधियाना पश्चिम विधानसभा सीट से आप विधायक हैं। इस कार्रवाई के बाद पंजाब सीएम भगवंत मान ने भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा राजनीतिक फायदे के लिए ईडी और सीबीआई जैसी एजेंसियों का उपयोग कर रही है। इससे पूर्व आप से राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने भी भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा कई बार छापेमारी करवा चुकी है, लेकिन उन्हें कुछ भी हासिल नहीं हो रहा है।