यूट्यूबर सलीम के हमलावर पर बड़ा खुलासा

जन प्रवाद, ब्यूरो। 
गाजियाबाद। एक्स मुस्लिम यूट्यूबर सलीम वासिक पर जानलेवा हमला करने वाला कट्टरपंथी जीशान की एनकाउंटर पर मौत के बाद कई बड़े खुलासे हुए हैं। वह लगातार भड़Þकाऊ वीडियो बनाता था। इसके लिए उसने 
पॉडकास्ट वीडियो भी बना रखे थे।
बता दें कि गाजियाबाद पुलिस ने रविवार रात सलीम वासिक के हमलावर जीशान को मुठभेड़ में मारा गिराया था। उसने अपने कमरे में ‘इस्लामर विद जीशान’ नाम से एक पॉडकास्ट स्टूडियो बना रखा था। वह अपने यूट्यूब पर भड़काऊ वीडियो अपलोड करता था। वह कहता था कि एक न एक दिन हम अपना हक लेकर ही रहेंगे। उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले के कस्बा सैद नगली निवासी जीशान के पिता बुनियाद अली के अनुसार जीशान ने गांव के ही स्कूल से 12वीं तक पढ़ाई की थी। इसके अलावा उसने मदरसे में उर्दू की तालीम भी ली थी। वह अपने बड़े भाई गुलफाम के साथ नोएडा की एक कंपनी में फर्नीचर कारीगर का काम करता था। जीशान सबसे छोटा और अविवाहित था। उसने बताया कि उन्हें उसके धार्मिक वीडियो गाने और शायरी के शौक की पूरी जानकारी थी। लेकिन, वह यह नहीं समझ पाए कि उसके दिमाग में क्या चल रहा है। 


बताया जा रहा है कि जीशान एक कट्टरपंथी विदेशी ग्रुप मेहदी मुस्लिम आर्मी से भी जुड़ा था। इस ग्रुप में देश-विदेश के करीब 19 हजार सदस्य शामिल हैं। सूत्रों की मानें तो इस मंच पर भड़काऊ वीडियो डाले जाते हैं। आशंका जताई जा रही है कि इस ग्रुप से प्रभावित होकर उसने अपने भाई गुलफाम के साथ मिलकर हमला किया। 
बता दें कि मुठभेड़ के बाद पुलिस ने जीशान के कमरे की तलाशी ली। कमरे में पॉडकास्ट के लिए माइक्रोफोन और रिकॉर्डिंग का अन्य सामान मिला था। साथ ही एक प्रसिद्ध शायर की पुस्तक, धार्मिक किताबें और शायरी की डायरी भी बरामद हुई। पुलिस के अनुसार जीशान धार्मिक किताबों को पढ़ने में रुचि रखता था और धार्मिक भावनाओं को उकसाने वाले विचारों को साझा करने की कोशिश कर रहा था। 


जीशान के पिता बुनियाद अली अमरोहा में फर्नीचर के कारीगर हैं। जीशान ने अपने ही पिता से काम सीखा और अपने बड़े भाई के पास खोड़ा कॉलोनी में आ गया। दोनों एक साथ रहते थे। दोनों ही काम करते थे। मुठभेड़ के बाद हिंडन मोइरी पर पोस्टमार्टम के बाद शव लेने पहुंचे पिता बुनियाद अली ने बताया कि अगर उन्हें पहले पता चलता तो बेटों को ऐसा नहीं करने देते। बेटों ने कुछ नहीं बताया था। बता दें कि एक्स मुस्लिम यूट्यूबर सलीम वासिक जागरूक अभियान चलाते थे। वे बताते थे के मेरा परिवार पहले हिन्दू था और वे अपने धर्म की खामियों के बारे में खुलकर बात करते थे। उन्हें इससे पहले भी लगातार धममियां मिलती रहीं लेकिन बेखौफ होकर वे अपने काम करते थे। उन पर जीशान और उसके भाई ने चाकू से हमला कर दिया था। इस हमले में वे गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका दिल्ली में इलाज चल रहा है। उनका चाकू से गला रेता गया है। उनकी सलामती के लिए दुआओं का दौर जारी है।