अब बदल जाएंगे कई नियम, आईटीआर भरने का अंतिम दिन

जनप्रवाद ब्यूरो, नोएडा। 1 अगस्त 2026 से आम लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी और जेब पर असर डालने वाले कई बड़े बदलाव लागू होने वाले हैं। इनमें एलपीजी सिलेंडर की कीमतों की समीक्षा, आईटीआर से जुड़े प्रावधान, बैंकों और क्रेडिट कार्ड के नियमों में संभावित बदलाव शामिल हैं। इसके अलावा तत्काल टिकट के नियमों में भी बदलाव होने जा रहा है।
अगस्त का महीने की शुरूआत

अगस्त का महीना शुरू होने वाला है। ऐसे में 1 अगस्त से ही आपकी जेब और रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े कई नियम बदल जाएंगे। बता दें कि ये बदलाव हर नए महीने की पहली तारीख को होते आए हैं। इनका सीधा असर देश के आम नागरिकों के घरेलू बजट और रोजमर्रा के कामकाज पर पड़ता है। तेल विपणन कंपनियां हर महीने की पहली तारीख को रसोई गैस सिलेंडरों के दामों की समीक्षा करती हैं। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव को देखते हुए 1 अगस्त को घरेलू और कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों के नए रेट जारी किए जाएंगे। अगर कमर्शियल गैस सिलेंडरों के दाम बढ़ते हैं, तो बाहर होटलों और रेस्टोरेंट में खाना-पीना महंगा हो सकता है, जिसका सीधा असर आपके मासिक बजट पर पड़ेगा।  
आरबीई का नया ​नियम

1 अगस्त के बाद भारतीय रिजर्व बैंक यानी आरबीआई की मौद्रिक नीति समिति की बैठक भी बाजार की नजर में रहेगी। इस बैठक में रेपो रेट पर फैसला लिया जा सकता है। अगर ब्याज दरों में बदलाव होता है तो इसका असर होम लोन, कार लोन, ईएमआई और एफडी की ब्याज दरों पर भी देखने को मिल सकता है। 1 अगस्त से कुछ बैंक अपने क्रेडिट कार्ड से जुड़े शुल्क, रिवॉर्ड पॉइंट्स या अन्य नियमों में बदलाव कर सकते हैं।  बता दें कि यह बदलाव सभी बैंकों पर लागू नहीं होगा। इसलिए अगर आप क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल करते हैं, तो अपने बैंक की वेबसाइट या एप पर जाकर नए नियम और शुल्क जरूर चेक करें। इसी तरह समय पर आईटीआर फाइलिंग न करना भारी पड़ा सकता है। बता दें कि आज वित्तीय वर्ष के लिए बिना जुर्माने से इनकम टैक्स रिटर्न दाखिल करने की अंतिम तिथि है। जो लोग इस समय सीमा तक अपना रिटर्न फाइल नहीं कर पाए हैं, उन्हें 1 अगस्त से बिलेटेड रिटर्न भरने पर आय के आधार पर भारी जुर्माना देना होगा। 1 अगस्त से देश के बैंकिंग और वित्तीय संस्थानों में ग्राहक सत्यापन को सुरक्षित बनाने के लिए सेंट्रल नो योर कस्टमर यानी सीकेवाईसी 2.0 सिस्टम लागू होने जा रहा है। इसके तहत ग्राहकों को 14 अंकों का एक यूनिक सीकेवाईसी नंबर मिलेगा। इस नए सिस्टम का सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि आपको हर बैंक, बीमा कंपनी या म्यूचुअल फंड में अलग-अलग केवाईसी दस्तावेज देने की जरूरत नहीं पड़ेगी। पश्चिम मध्य रेलवे 1 अगस्त से रिजर्वेशन काउंटरों पर तत्काल टिकटों की बुकिंग के लिए नया टोकन सिस्टम लागू कर रहा है।  अब काउंटरों पर लंबी लाइन और धक्का-मुक्की रोकने के लिए टोकन बांटने का समय तत्काल बुकिंग खुलने के समय के साथ मिलाया जा रहा है। ऐसे में एसी तत्काल के लिए सुबह 8:30-9:00 बजे और नॉन-एसी के लिए सुबह 9:00-9:30 बजे टोकन मिलेंगे, इसके बाद ही काउंटर से तत्काल टिकट बुक कर सकेंगे।