जन प्रवाद,नोएडा। राष्ट्रीय लोकदल महिला प्रकोष्ठ द्वारा आगामी 1 फरवरी से आयोजित होने वाले ‘महिला अधिवेशन’ को सफल बनाने के उद्देश्य से बृहस्पतिवार को नोएडा मीडिया क्लब में एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। प्रेसवार्ता के दौरान आगामी 1 फरवरी को 2026 को ग्रेटर नोएडा स्थित अवध ग्रीन्स में आयोजित होने वाले महिला अधिवेशन की तैयारियों और रूपरेखा को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की गयी। कार्यक्रम की संयोजिका सोनिका आनंद (राष्ट्रीय सचिव—महिला प्रकोष्ठ, प्रदेश प्रभारी, राष्ट्रीय लोकदल, दिल्ली एवं पूर्व प्रभारी, राष्ट्रीय लोकदल,राजस्थान) मौजूद रहीं।
महिला अधिवेशन में बतौर मुख्य अतिथि ाष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी, उनकी धर्मपत्नी चारू चौधरी तथा राष्ट्रीय लोकदल की राष्ट्रीय महिला अध्यक्ष इंदिरा कपिलावे शामिल होंगे। वहीं विशिष्ट अतिथियों के रूप में ऋचा सिंह, कमलेश सहरावत, परिणीता सिंह, नेल्लुतला आदि शामिल रहेंगे। इस अवसर पर ऋचा सिंह ने बताया कि महिला अधिवेशन का उद्देश्य महिला सशक्तिकरण, संगठनात्मक मजबूती और महिलाओं की सक्रिय राजनीतिक सहभागिता को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि महिला प्रकोष्ठ लगातार महिलाओं के अधिकारों, सामाजिक भागीदारी और नेतृत्व विकास के लिए कार्य कर रहा है तथा इस अधिवेशन के माध्यम से महिलाओं को एक सशक्त मंच प्रदान किया जाएगा।

इस अवसर पर जोगिन्दर सिंह अवाना ने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल महिलाओं को संगठन और समाज में सम्मानजनक एवं निर्णायक भूमिका देने के लिए प्रतिबद्ध है। महिला अधिवेशन पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने और संगठन को नई मजबूती देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगा। सोनिका आनंद ने कहा कि यह महिला अधिवेशन संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करेगा और महिलाओं की आवाज को निर्णायक भूमिका में स्थापित करने का कार्य करेगा। उन्होंने जनसामान्य एवं महिला कार्यकतार्ओं से अधिक से अधिक संख्या में अधिवेशन में शामिल होने की अपील की।





