गिरिराज सिंह ने राहुल गांधी को बताया अर्बन नक्सल, अंतिम मुगल शासक से की तुलना 

जनप्रवाद ब्यूरो, नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने मंगलवार को लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोलते हुए उन पर अर्बन नक्सल जैसा बर्ताव करने का आरोप लगाया और उनकी तुलना अंतिम मुगल बादशाह बहादुर शाह जफर से की। संसद परिसर में संवाददाताओं से बातचीत में सिंह ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी सदन में चर्चा और मतदान से बच रहे हैं। उन्होंने पश्चिम एशिया संघर्ष और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के खिलाफ हाल में लाए गए अविश्वास प्रस्ताव का जिक्र किया। सिंह ने कहा, मैंने ऐसा नेता प्रतिपक्ष नहीं देखा। उनके पास कोई दृष्टिकोण नहीं है और वे अर्बन नक्सल जैसा बर्ताव करते हैं। नेता प्रतिपक्ष के तौर पर, आप पहले सदन को बताते हैं कि आप कुछ मुद्दों पर चर्चा चाहते हैं और उन पर मतदान चाहते हैं। आप उनसे क्यों भाग रहे हैं? भाजपा नेता ने कहा, वह कांग्रेस के लिए वैसे ही हैं जैसे आखिरी मुगल बादशाह मुगल वंश के लिए थे। एक नकली गांधी परिवार के आखिरी राजकुमार, जिन्हें कुछ पता नहीं है।
अमित मालवीय ने भी साधा निशाना

भाजपा के मीडिया प्रभारी अमित मालवीय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) के माध्यम से राहुल गांधी पर हमला बोला। मालवीय ने कांग्रेस नेता और उनके नेतृत्व में यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं द्वारा दिल्ली में आयोजित प्रतिष्ठित अक समिट को बाधित करने और नग्न प्रदर्शन करने की घटना को लेकर कड़ी प्रतिक्रिया दी। मालवीय ने कहा कि राहुल गांधी बड़े गर्व से कह रहे हैं कि कर दिया काम यूथ कांग्रेस वालों ने जबकि असल में इस प्रदर्शन ने पूरी दुनिया के सामने भारत की छवि को नुकसान पहुंचाया। गौरतलब है कि नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित हाई-प्रोफाइल इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान यूथ कांग्रेस कार्यकतार्ओं ने अंदर घुसकर विरोध प्रदर्शन किया था। प्रदर्शनकारियों ने बेरोजगारी, महंगाई और भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारेबाजी की।