जन प्रवाद, ब्यूरो।
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी ने राघव चड्ढा को डिप्टी लीडर के पद से हटा दिया है। उनकी जगह अब पंजाब से राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल को यह जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। आम आदमी पार्टी की ओर से इस संबंध में सचिवालय को औपचारिक पत्र लिखकर जानकारी दी गई है।
सूत्रों की मानें तो आप की ओर से यह भी कहा गया है कि उन्हें पार्टी के निर्धारित कोटे से समय न दिया जाए। बता दें कि वर्तमान समय में आम आदमी पार्टी के कुल 10 राज्यसभा सदस्य हैं। इनमें से 70 प्रतिशत यानी 7 सांसद पंजाब राज्य का प्रतिनिधित्व करते हैं। जबकि, शेष तीन सांसद दिल्ली से आते हैं।
बता दें कि विगत दिनों राघव चड्ढा की भाजपा से कथित नजदीकियों की खूब चर्चा थी। उस समय आप नेता संजय सिंह ने उनके भाजपा में शामिल होने की चर्चा पर विराम लगा दिया था। संजय सिंह ने पूरी तरह से अफवाह बताया था। बताया जा रहा है कि राघव चड्ढा पार्टी मीटिंग व अन्य कार्यक्रमों में कम समय दे रहे हैं। यह भी जानकारी मिली है कि आबकारी घोटाला मामले में जब वे जेल से छूटकर आए तो राघव प्रेस कांफ्रेंस में शामिल नहीं थे।
साथ ही इन दिनों राज्यसभा में राघव चड्ढा अपनी मांगों को लेकर खूब सुर्खियां बटोर रहे हैं। जनहित की उनकी मांगों को देखते हुए आम जनता भी उनकी खूब सराहना कर रही है। इसके पीछे कारण क्या हो सकता है यह तो पार्टी का अंदरूनी मामला है, लेकिन चर्चाएं हैं कि संभवत: उनका अचानक से चर्चा में आना और पार्टी में कम समय देना मुख्य वजह हो सकती है।





