बिजनौर में कांग्रेसी नेता हाउस अरेस्ट

जन प्रवाद, ब्यूरो। 
बिजनौर। यूपी के बिजनौर में पूर्व सांसद भारतेंदु सिंह पर हमले के आरोपी खालिद-तालिब प्रकरण को लेकर राजनीति गरमा गई है। यह मामला अब राजनीतिक टकराव का एक बड़ा कारण बन चुका है। प्रशासन इस पूरे घटनाक्रम पर कड़ी नजर रख रहा है। सोमवार को कांग्रेस नेताओं की हमले के आरोपी तालिब बंधुओं से प्रस्तावित मुलाकात से पहले ही पुलिस ने सख्त कदम उठाए और हुमायूं बेग और हेनरीता सिंह को हाउस अरेस्ट कर लिया। इसके अलावा अन्य कार्यकर्ताओं को भी कार्यालय पर ही नजरबंद कर दिया गया जिससे कांग्रेस में रोष है।

बिजनौर में आरोपी तालिब-खालिद प्रकरण में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष और पूर्व मंत्री अजय राय ने एक प्रतिनिधिमंडल का गठन किया। इस प्रतिनिधिमंडल में पूर्व मंत्री ओमवती, जिला अध्यक्ष हेनरीता सिंह, शहर अध्यक्ष हुमायूं बेग, पूर्व प्रदेश सचिव नीरज चौधरी, मुनीश त्यागी और चितवन शर्मा को शामिल किया गया। इस प्रतिनिधि मंडल के सदस्य 6 अप्रैल सुबह 10 बजे खालिद-तालिब से मिलने बिजनौर जिला कारागार जाने वाले थे, लेकिन पुलिस प्रशासन ने हुमायूं बेग और हेनरीता सिंह को हाउस अरेस्ट कर लिया वहीं अन्य को कार्यालय पर ही नजरबंद कर दिया। पुलिस की इस कार्रवाई पर चितवन शर्मा ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए।

चितवन शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार पूर्ण तानाशाही पर उतर आई है। यह सरकार नहीं चाहती कि कांग्रेस किसी भी पीड़ित परिवार से मिले। उन्होंने कहा कि बिजनौर महात्मा विदुर जी की धरती है वो महात्मा विदुर सदा ही शांति के समर्थक रहे। उनकी धरती पर इस तरह का कृत्य निंदनीय है। भाजपा जनता को मुद्दों से भटकाने के लिए धर्म का सहारा लेकर एक माहौल बनाने का प्रयास करती है। इसके अलावा कांग्रेस के अन्य कार्यकर्ताओं और नेताओं ने भी इसका कड़ा विरोध किया है।