जनप्रवाद टीम। बसों में सफर करना अब आसान होगा। फोन पे से आसानी से बस टिकट खरीद सकेंगे। इसके अलावा मेट्रो, बस, ट्रेन, टोल और पार्किंग में भी यह सुविधिा प्रदान करेगा। डिजिटल भुगतान एवं वित्तीय सेवा मंच फोनपे ने फोनपे रूपे आन-द-गो कार्ड पेश करने की घोषणा की है। यह एक राष्ट्रीय सार्वजनिक परिवहन कार्ड (एनसीएमसी) है। यह पहल भारत के एक देश एक कार्ड दृष्टिकोण की दिशा में अहम कदम है जिसका उद्देश्य पूरे देश में सार्वजनिक परिवहन के भुगतान को डिजिटलीकृत करना है। फोनपे का आॅन-द-गो कार्ड उपयोगकतार्ओं की रोजाना यात्रा को सरल बनाने के लिए तैयार किया गया है और यह एक एकीकृत परिवहन कार्ड के रूप में काम करता है।
लेन-देन करना होगा आसान
इससे मेट्रो, बस, ट्रेन, टोल और पार्किंग जैसी सभी एनसीएमसी-सक्षम सेवाओं पर त्वरित स्पर्श कर भुगतान (टैप एंड पे) के माध्यम से लेन-देन किया जा सकेगा। इस कार्ड की एक प्रमुख विशेषता यह है कि इसे तुरंत जारी किया जा सकता है जिससे लाखों यात्रियों के लिए सुविधा बढ़ेगी। यह कार्ड अग्रिम-भुगतान आधारित संग्रहित मूल्य मॉडल पर काम करता है जिसमें राशि सीधे कार्ड की चिप में एकत्रित रहती है। इस व्यवस्था के कारण इंटरनेट के बिना भी इससे भुगतान संभव होगा। उपयोगकर्ता इस कार्ड में अधिकतम 2,000 रुपये तक की राशि जमा कर सकते हैं जबकि एक बार में बिना इंटरनेट के भुगतान की अधिकतम सीमा 500 रुपये है। फोनपे में भुगतान विभाग के प्रमुख दीप अग्रवाल ने कहा, हम फोनपे आॅन-द-गो कार्ड पेश करने को लेकर उत्साहित हैं जिसका लक्ष्य उन करोड़ों उपभोक्ताओं को सुविधा देना है जो रोजाना सार्वजनिक परिवहन से यात्रा करते हैं। यह कार्ड देशभर में परिवहन सेवाओं पर त्वरित टैप एंड पे की सुविधा देता है।
इंटरनेट के बिना भी काम
उन्होंने कहा, यह कार्ड इंटरनेट के बिना भी काम करता है क्योंकि भुगतान कार्ड में उपलब्ध शेष राशि से होता है। यह हमारे डिजिटल वॉलेट प्रणाली को राष्ट्रीय सार्वजनिक परिवहन से जोड़ने की दिशा में पहला कदम है, जिससे हर यात्री को सुरक्षित अनुभव मिलेगा और एनसीएमसी ढांचे के माध्यम से राष्ट्रीय स्तर पर आपसी संचालन क्षमता को भी बढ़ावा मिलेगा।
इस कार्ड की शुरूआत फिलहाल हैदराबाद मेट्रो से की जा रही है। इसे एलएंडटी मेट्रो रेल हैदराबाद लिमिटेड के साथ साझेदारी में लागू किया गया है। भविष्य में इसे देश के अन्य परिवहन सेवा प्रदाताओं के साथ भी जोड़ा जाएगा।
हैदराबाद मेट्रो में विशेष सुविधा
हैदराबाद मेट्रो के टिकट काउंटर से लोग फोनपे आन-द-गो कार्ड खरीद सकेंगे। फोन नंबर के एक बार पासवर्ड सत्यापन के बाद मेट्रो एजेंट इस कार्ड को जारी कर देगा और इसे यूपीआई, नकद या कार्ड के माध्यम से रिचार्ज भी किया जा सकेगा। हालांकि, शुरूआत में यह कार्ड हैदराबाद में जारी किया जा रहा है लेकिन यह पूरी तरह परस्पर-संचालित है। देशभर के सभी एनसीएमसी-सक्षम सार्वजनिक परिवहन केंद्रों पर इसे इस्तेमाल तथा रिचार्ज किया जा सकता है जिनमें दिल्ली, मुंबई, चेन्नई और बेंगलुरु जैसे शहर शामिल हैं। यह पहल परिवहन क्षेत्र में फोनपे की रणनीतिक शुरूआत को दशार्ती है जिसमें एनसीएमसी कार्ड जारी करना और लेन-देन जैसी व्यापक सेवाएं शामिल हैं। भौतिक कार्ड के अलावा फोनपे अपने अनुप्रयोग के माध्यम से डिजिटल टिकट, पास एवं स्मार्ट कार्ड रिचार्ज की सुविधा भी देता है जिससे यात्रियों को एक समग्र डिजिटल अनुभव मिलता है।





