जन प्रवाद, ब्यूरो।
नोएडा। यूपी व मध्य प्रदेश सहित कई राज्यों में मूसलाधार बारिश जारी है। आज नोएडा में जमकर बदरा बरसे। वहीं एमपी के राजगढ़ में भी जमकर बारिश हुई। तेज बारिश के चलते कई गांवों का संपर्क टूट गया है, साथ ही नदी-नाले भी उफान पर हैं। इसी बीच सबसे बड़ा हादसा राजगढ़ के पडाना गांव के पास हुआ। यहां एक नाले में पानी का तेज बहाव था। एक व्यक्ति ने ऐसे खतरा लेते हुए कार को पार करने की कोशिश की। कार में 11 लोग सवार बताए जा रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार नाले में उतरते ही तेज बहाव की चपेट में आ गई और देखते ही देखते बह गई। कार में सवार लोग मदद के लिए चिल्लाते रहे, लेकिन पानी का बहाव इतना तेज था कि कुछ ही सेकंड में कार आंखों से ओझल हो गई। पुलिस के अनुसार इस हादसे में नौ लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, दो लोगों को बचा लिया गया है।

पीड़ित परिवार देवास जिले के सतवास से सारंगपुर के कड़लावद जा रहा था। देवास से आ रही कार नए बने बायपास से होकर गुजर रही थी। वहां बने पुल पर बारिश का पानी अत्यधिक भर गया था। बाहरी चालक होने के कारण उसे जलस्तर और पुल की वास्तविक स्थिति का अंदाजा नहीं लगा। ग्रामीणों के अनुसार पुल पर पहले से जलभराव था और स्थानीय लोगों ने चालक को आगे जाने से रोकने की कोशिश भी की थी। लेकिन, चालक जोखिम उठाते हुए वाहन को आगे ले गया, जिससे कार असंतुलित होकर पानी में समा गई।





