महाराष्ट्र टीईटी परीक्षा स्थगित, पेपर लीक की जानकारी जुटी पुलिस

जन प्रवाद, ब्यूरो।
नई दिल्ली। भारत में पेपर लीक मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। अब महाराष्ट्र में शिक्षा पात्रता परीक्षा (टीईटी) स्थगित कर दिया गया है। परीक्षा प्रदेश के विभिन्न केंद्रों पर रविवार यानी 28 जून को होनी थी। परीक्षा से 24 घंटे पहले पेपर ठाणे से लीक हो गया। रिपोर्ट के अनुसार पुलिस को लीक के बारे में जानकारी मिली और उन्होंने ठाणे के भिवंडी में एक ऑपरेशन के दौरान प्रश्न पत्र बरामद कर लिया। इस मामले में कई लोगों को हिरासत में लिया गया है।

 

हालांकि, अभी तक उनकी पहचान उजागर नहीं हो पाई है। महाराष्ट्र स्टेट काउंसिल ऑफ एग्जामिनेशन की ओर से जारी एक ऑफिशियल नोटिफिकेशन के अनुसार यह फैसला काउंसिल को संदिग्ध पेपर लीक के बारे में गोपनीय जानकारी मिलने के बाद लिया गया। एमसीएसई अधिकारियों ने बाद में यह बताया कि जो पेपर मिला है वह टीईटी प्रश्नपत्र के कंटेंट से मेल खा रहे हैं। जिससे एग्जाम की पारदर्शिता को लेकर चिंता बढ़ गई है। टीईटी की नई तारीख बाद में घोषित की जाएगी। शिक्षा विभाग जल्द ही इस घटना के बारे में विस्तार से जानकारी देगा। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिरकार पेपर लीक कैसे हुआ। बता दें कि पूरे प्रदेश में करीब 4 लाख 28 हजार अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इसके लिए 1428 केंद्रों पर कल यानी रविवार को परीक्षा होनी थी।