एआई के भय से आईटी शेयरों में गिरावट

जन प्रवाद, ब्यूरो।
नोएडा। AI के भय से IT शेयरों में भारी गिरावट देखी गई। शुक्रवार को इंफोसिस, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, विप्रो, एचसीएल टेक्नोलॉजीज और अन्य आईटी स्टॉक्स शुक्रवार को भी भारी दबाव में हैं। इनमें 7.37 प्रतिशत तक की गिरावट देखी गई। बीते कारोबारी सत्र में भारी बिकवाली देखी गई थी। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से शुरू हुई यह मुसीबत और  वैश्विक टेक्नोलॉजी शेयरों में कमजोरी लगातार इस क्षेत्र पर भारी पड़ रही है। आज शुरुआती कारोबार में ही इंफोसिस 7.37, टीसीएस 5.47, एचसीएल टेक 4.94 और टेक महिन्द्रा 3.41 प्रतिशत का गोता लगा चुके थे। वहीं निफ्टी आईटी इंडेक्स बीते सत्र में 5.5 प्रतिशत टूट गया, जिसमें  टेक महिन्द्रा, कॉफोर्ज, ओरेकल फाइनेंशियल सर्विसेज और इंफोसिस में सबसे ज्यादा गिरावट दर्ज की गई। बीते एक सप्ताह में यह सूचकांक करीब 7 प्रतिशत लुढ़का। इस वर्ष इसमें करीब 13 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।


बता दें कि वैश्विक बाजारों में खासकर वॉल स्ट्रीट में कमजोरी का असर भारतीय आईटी शेयरों पर पड़ा है। न्यूयॉर्क स्टॉक एक्सचेंज में इंफोसिस के एडीआर में 9.84 प्रतिशत और विप्रो के एडीआर में 4.6 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई जो अमेरिकी टेक शेयरों में जारी व्यापक बिकवाली का ही नतीजा है। गुरुवार को फिलाडेल्फिया सेमीकंडक्टर इंडेक्स 1.6 प्रतिशत फिसला, जबकि सभी मैग्नीफिसेंट सेवन स्टॉक लाल निशान पर बंद हुए। एप्पल का स्टॉक 5 प्रतिशत, एनविडिया 1.61 प्रतिशत, एएमडी 3.58 प्रतिशत, अमेजन 2.25 प्रतिशत, माइक्रोसॉफ्ट 0.63 प्रतिशत और मेटा प्लेटफार्म 2.82 प्रतिशत टूट गए।