जन प्रवाद, ब्यूरो।
नोएडा। पंजाब सरकार में कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा और उनके सहयोगियों के 4 ठिकानों पर ईडी की टीम छापेमारी जारी है। अधिकारी उनके सरकारी आवास पर भी पूछताछ कर रहे हैं। चंडीगढ़ के साथ ही दिल्ली-एनसीआर के कई ठिकानों पर पूछताछ की जा रही है। यह कार्रवाई प्रिवेंशन आॅफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट के तहत की जा रही है। बता दें कि विगत दिनों मुख्यमंत्री के ओएसडी के करीबियों के ठिकानों पर कार्रवाई हुई थी।

आज ईडी ने दिल्ली, गुरुग्राम और चंडीगढ़ में 5 जगहों पर छापेमारी की। ईडी की टीम ने संजीव अरोड़ा के घर और हैम्पटन स्काई रियल्टी लिमिटेड के दफ्तरों में छापेमारी की। बताया जा रहा है कि ईडी ने बड़े पैमाने पर मनी लॉन्ड्रिंग का मामला पकड़ा है। बताया जा रहा है कि 100 करोड़ से ज्यादा के मोबाइल फोन की फर्जी जीएसटी खरीद दिखाई गई है। इसके बाद दुबई से भारत में अवैध पैसों को राउंड ट्रिप करने के लिए इन फोन का निर्यात किया गया था।
सूत्रों की मानें तो दिल्ली में मौजूद न होने वाली कई फर्मोें से कई फर्जी जीएसटी खरीद बिल हासिल किए गए थे। इनका इस्तेमाल फर्जी आईटीसी का दावा करने, निर्यात पर जीएसटी रिफंड लेने और ड्यूटी ड्रॉबैक पाने के लिए किया गया। इससे सरकारी खजाने को नुकसान पहुंचा और संजीव अरोड़ा ने निजी तौर पर खूब पैसा कमाया।

ईडी की इस कार्रवाई पर सीएम भगवंत मान भड़क उठे। उन्होंने एक्स पर लिखा कि आज फिर से बीजेपी की ईडी संजीव अरोड़ा के घर आई है। एक साल में ये तीसरी बार उनके घर बीजेपी की ईडी आई है। बार-बार जांच के बाद उन्हें कुछ नहीं मिला। उन्होंने लिखा कि मैं मोदी जी को बताना चाहता हूं कि पंजाब गुरुओं की धरती है। औरंगजेब से भी नहीं झुका था। ये भगत सिंह की धरती है जो अंग्रेजों के सामने कभी नहीं झुके। तो मोदी के इन हथकंड़ों के सामने पंजाब कभी नहीं झुकेगा। ईडी और बीजेपी के इस अनैतिक गठबंधन का अंत पंजाब से ही होगा।
इसके अलावा इस कार्रवाई पर आप के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने ईडी को भरतीय जनता पार्टी का सुपारी किलर करार दिया है। संजय सिंह ने एक्स पर लिखा कि बीजेपी का सुपारी किलर ईडी आज फिर से पंजाब पहुंच गया है। सरकार के कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा के घर छापेमारी शुरू हो गई है।





