जन प्रवाद, ब्यूरो।
कोलकाता। पश्चिम बंगाल की फलता सीट पर हुए पुनर्मतदान में बीजेपी के देबांग्शु पांडा ने अपने प्रतिद्वंद्वी माकपा के शंभुनाथ कुर्मी के खिलाफ एक लाख नौ हजार से अधिक वोटों से जीत दर्ज की। इस सीट पर कांग्रेस के अब्दुर रज्जाक मुल्ला को मात्र 10 हजार वोट लेकर तीसरे नंबर पर रहे। वहीं टीएमसी के जहांगीर खान चौथे नंबर पर रहे। चुनाव परिणाम के बाद डायमंड हार्बर सीट से टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी ने चुनाव आयोग से स्पष्टीकरण मांगते हुए कहा कि इस चुनाव में बहुत सारी विसंगतियां पाई गई हैं। उन्होंने कहा कि पहली बार चुनाव के बाद तीन बजे तक केवल 2 से 4 राउंड की गिनती पूरी हो पाई थी, जबकि इस बार तीन बजे तक 21 राउंड की गिनती पूरी हो गई।

बता दें कि इस सीट पर कथित गड़बड़ियों के बाद चुनाव आयोग ने 29 अप्रैल को रीपोलिंग कराने को हरी झंडी दे दी थी। यहां कई बूथों पर ईवीएम पर इत्र जैसी चीज छिड़कने, चुनाव चिन्ह को ढकने और बूथ कैप्चरिंग के आरोप लगाए गए थे। तत्पश्चात चुनाव आयोग ने इस सीट पर दोबारा मतदान करवाने का आदेश दे दिया था। यहां दोबारा हुए मतदान में शाम 5 बजे तक 86 फीसदी लोगों ने मतदान किया था। बता दें कि टीएमसी प्रत्याशी जहांगीर खान ने पहले ही मैदान छोड़ते हुए चुनाव नहीं लड़ने का ऐलान कर दिया था। वे तभी से अपने क्षेत्र से नदारद थे। जनता के बीच उन्हें नहीं देखा जा रहा था। हालांकि, ईवीएम पर उनका नाम दिखाई दे रहा था। उनके चहेतों ने उन्हें वोट भी डाले। इसी वजह से वे चौथे नंबर पर रहे।





