जन प्रवाद, ब्यूरो।
बिजनौर। जिलाधिकारी जसजीत कौर ने बताया कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) से जुड़ी बिजनौर की ग्रामीण महिलाओं द्वारा निर्मित VIDUR प्रेरणा स्वदेशी हर्बल टी अब राष्ट्रीय स्तर से आगे बढ़कर अंतरराष्ट्रीय पहचान की ओर अग्रसर है। विकास खंड कोतवाली के ग्राम लखीवाला स्थित VIDUR Prerna Herbal Tea Production Group की महिला स्वयं सहायता समूह (SHG) की सदस्य विगत लगभग दो वर्षों से इस हर्बल टी का निर्माण एवं पैकेजिंग कर रही हैं।

उन्होंने बताया कि VIDUR प्रेरणा स्वदेशी दिसंबर 2023 में जिला प्रशासन, बिजनौर द्वारा स्थापित एक सामुदायिक ब्रांड है। वर्तमान में इस ब्रांड के अंतर्गत 160 से अधिक उत्पादों का उत्पादन एवं विपणन स्वयं सहायता समूहों द्वारा किया जा रहा है। ब्रांड का कुल कारोबार ₹12 करोड़ से अधिक हो चुका है। इन उत्पादों की बिक्री 100 से अधिक VIDUR प्रेरणा स्वदेशी ब्रांड आउटलेट्स तथा 64 से अधिक VIDUR प्रेरणा कैफे के माध्यम से की जा रही है। इसके अतिरिक्त, VIDUR प्रेरणा स्वदेशी हर्बल टी का विगत वर्षों से जनपद मुरादाबाद में भी नियमित रूप से सफलतापूर्वक विपणन किया जा रहा है।

VIDUR प्रेरणा स्वदेशी ब्रांड ने ग्रामीण महिलाओं को स्थायी बाजार उपलब्ध कराते हुए उनके उत्पादों के प्रभावी विपणन की व्यवस्था विकसित की है। इसी का परिणाम है कि जनपद बिजनौर में 30,000 से अधिक लखपति दीदियों के निर्माण में इस ब्रांड ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
उन्होंने बताया कि VIDUR प्रेरणा स्वदेशी हर्बल टी का प्रदर्शन प्रयागराज महाकुंभ तथा सुंदर नर्सरी, नई दिल्ली में आयोजित अंतरराष्ट्रीय फूड फेस्टिवल सहित विभिन्न राष्ट्रीय आयोजनों में किया गया। इन आयोजनों में अमेरिका, यूरोप एवं अन्य देशों से आए आगंतुकों और संभावित खरीदारों ने उत्पाद में विशेष रुचि दिखाई तथा फ्रेंचाइजी एवं व्यावसायिक सहयोग की संभावनाओं पर प्रारंभिक स्तर पर चर्चा की।
उन्होंने बताया कि ब्रांड की एक विशेष उपलब्धि इसकी पूर्णतः डिजिटल सप्लाई चेन एवं विपणन प्रणाली है। vidurprerna.in वेब पोर्टल एवं मोबाइल एप्लीकेशन के माध्यम से ऑर्डर प्रबंधन, उत्पाद ट्रेसबिलिटी, इन्वेंट्री तथा वितरण व्यवस्था का प्रभावी संचालन किया जा रहा है। VIDUR प्रेरणा स्वदेशी की विश्वसनीयता का प्रमाण यह भी है कि संबंधित स्वयं सहायता समूह द्वारा नीति आयोग को उनकी आवश्यकता के अनुरूप उत्पादों की सफलतापूर्वक आपूर्ति की जा चुकी है।





