जन प्रवाद, ब्यूरो।
नोएडा। इंपोर्ट ड्यूटी बढ़ने के साथ ही सोने और चांदी के दामों में उछाल आ गया है। एमसीएक्स पर आज 10 ग्राम सोना छह प्रतिशत यानी 9231 रुपये उछलकर 162805 रुपये पर पहुंच गया, वहीं चांदी 16675 रुपये प्रति किग्रा. महंगी होकर 295805 रुपये पर खुली।
बता दें कि सरकार ने सोने और चांदी के इंपोर्ट पर 10 प्रतिशत बेसिक कस्टम ड्यूटी और पांच प्रतिशत एग्रीकल्चर इंफ्रास्ट्रक्चर सेस लगा दिया है। इससे प्रभावी इंपोर्ट टैक्स छह प्रतिशत से बढ़कर 15 प्रतिशत हो गया है। पीएम मोदी की एक साल तक सोना नहीं खरीदने की अपील के बाद केंद्र सरकार कीमती धातुओं की विदेशी खरीद पर अंकुश लगाना चाहती है ताकि विदेशी मुद्रा भंडार पर दबाव कम रहे।

बता दें कि भारत सोने की अपनी आवश्यता का ज्यादातर आयात कर पूरी करता है। बीते वित्तीय वर्ष 2025-26 में भारत का सोने का आयात 24 प्रतिशत बढ़कर 71.98 अरब डॉलर के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। बीते एक साल में सोने की कीमतों में तेजी और शेयर बाजार के कमजोर रिटर्न के चलते निवेश वाली मांग बढ़ी है। पीएम मोदी अपने संबोधन में कई बार सोना न खरीदने और पेट्रोल का कम से कम खरीद करने की बात कह चुके हैं। चूंकि, अगर आयातित वस्तुओं की खपत अधिक होगी उतना ही विदेशी मुद्रा भंडार पर असर पड़ेगा। यही वजह है कि विदेशी मुद्रा भंडार को बचाने के लिए पीएम मोदी लगातार लोगों से सोना और चांदी की खरीद नहीं करने की बात कह रहे हैं।





